उत्तरप्रदेश में एक पांच साल की दलित बच्ची से बलात्कार का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक, लड़की को उसके घर पर सोए होने के दौरान घर से उठा लिया गया था। लड़की जख्मी हालत में एक खेत में पड़ी मिली। उसके प्राइवेट पार्ट पर भी जख्मों के निशान मिले हैं। यह मामला यूपी के हापुड़ जिले का है। मामला शनिवार (6 अगस्त) का बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने शिकायत दर्ज कर ली है। लड़की के घरवालों ने पुलिस को बताया कि उन्हें लड़की खेत में खून से लथपथ हालत में मिली थी। वे ही उसको डॉक्टर के पास लेकर गए थे। वहां से डॉक्टर ने बच्ची को मेरठ के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। डॉक्टर ने भी बच्ची का यौन शौषण होने की पुष्टी की है। बच्ची की सर्जरी होनी बाकी है लेकिन अब वह खतरे से बाहर है।
पुलिस को इस मामले में परिवार के एक करीबी पर शक है। पुलिस उससे पूछताछ भी कर रही है। पुलिस को इस बात का भी शक है कि परिवार वाले सारी बातें उनको बता नहीं रहे हैं।
वहीं, गुस्साई भीड़ ने शनिवार की सुबह नेशनल हाईवे 24 पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस के आने के बाद स्थिति को काबू किया जा सका। एक्सप्रेस से बातचीत के दौरान लड़की के पिता ने बताया कि रात को सोते वक्त अचानक उनकी आंख खुल गई थी। उन्होंने देखा कि छोटी बेटी जो कि अपनी बड़ी बहन से साथ सोई हुई थी वह गायब थी। इसके बाद परिवार वाले लड़की की खोज में निकले। उन्होंने देखा कि घर से तकरीबन 200 मीटर की दूरी पर लड़की गिरी पड़ी थी।