Gyanvapi Masjid ASI Survey: वाराणसी में ज्ञानवापी परिसर में हाईकोर्ट के आदेश के बाद एएसआई सर्वे दोबारा शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच एएसआई की टीम ज्ञानवापी परिसर पहुंची। परिसर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एएसआई सर्वे को देखते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर (Kashi Vishwanath Temple) परिसर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि 4 से लेकर 7 अगस्त तक काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल फोन का इस्तेमाल पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इसलिए लोगों से अपील की गई है कि फोन लेकर दर्शन के लिए ना आएं।
दोपहर 12 बजे तक चलेगा सर्वे
ज्ञानवापी परिसर में एएसआई की टीम आज दोपहर 12 बजे तक सर्वे करेगी। हाईकोर्ट के आदेश पर ज्ञानव्यापी परिसर का ASI सर्वे शुरू हो चुका है। ADG-ASI आलोक त्रिपाठी के नेतृत्व में ज्ञानवापी का सर्वे शुरू किया गया है। टीम में 50 से अधिक ASI अधिकारी-कर्मचारी मौजूद हैं। ज्ञानवापी परिसर में कथित शिवलिंग मिलने वाले जगह को छोड़कर परिसर के बाकी जगहों पर एएसआई की टीम सर्वे का काम करेगी। सर्वे में फोटो डॉक्यूमेंटेशन और जीपीआर के जरिए काम पूरा किया जाएगा।
ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के एएसआई सर्वे पर वकील सोहन लाल आर्य ने कहा कि पुरानी सूची के अनुसार, आठ लोग थे। डीएम द्वारा जारी की गई नई सूची में मेरा नाम था। इसमें अन्य भी शामिल थे लेकिन इसमें सुधीर त्रिपाठी, विष्णु शंकर जैन और हरिशंकर जैन के नाम शामिल नहीं थे। बाद में उनके नाम जोड़े गए। मुस्लिम पक्ष ने इसका (सर्वेक्षण) बहिष्कार किया है।