समाजवादी पार्टी के एक बड़े नेता पर बलात्कार का आरोप लगा है। सपा नेता और गन्ना समित के चेयरमैन शशांक चौधरी, उनके भाई और भतीजे पर नाबालिग ने रेप का आरोप लगाया है। पीड़िता के गर्भवती होने पर यह खुलासा हुआ। मामले पर अब पीड़ित परिवार ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस कप्तान ने जांच जल्द कर कार्यवाई को कहा है। मामला मेरठ के परतापुर क्षेत्र का है। रेप के आरोपी शशांक चौधरी यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के करीबी बताए जाते हैं।
लड़की के पिता ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई है। पिता ने बताया, ‘उनकी लड़की बीते दो माह से सपा नेता के घर पर काम कर रही है। इस दौरान ही उसके गर्भवती होने का खुलासा हुआ। कई बार उसका बलात्कार किया गया। सपा नेता चौधरी, उसके भाई और भतीजे ने बलात्कार किया’। उन्होंने धमकाने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘इस घिनौने काम के बाद सपा नेता ने लड़को पर पिस्टल तानकर धमकी दी। कहा गया कि अगर किसी से कुछ भी बोला तो पूरा परिवार खत्म कर दिया जाएगा’।
नाबालिग से आरोप पर शशांक चौधरी का कहना है कि, उनका विवाद गांव के ही लोगों से चल रहा है। एक घटना में तो गैरजमानती वारंट जारी हो गया था, जिसके चलते हाल ही में जेल से निकले हैं। उन्होंने बताया कि, जिस लड़की ने आरोप लगाया है, उसने 15 जून से 15 जुलाई काम किया। अब यह आरोप लगा कर मेरी और परिवार की छवि बिगाड़ना चाह रहे हैं’। सपा नेता ने डीएनए टेस्ट भी कराने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, वह टेस्ट कराने को तैयार हैं। इससे सब साफ हो जाएगा।
मामले पर इंस्पेकटर परतापुर नीरज मलिक ने बताया कि, किशोरी ने गन्ना समिति चेयरमैन शशांक चौधरी , उनके भाई व भतीजे पर बलात्कार का आरोप लगाया है। लड़की आठ माह की गर्भवती है। मामले की जांच शुरू हो चुकी है। जांच में शिकायत की पुष्टि होने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।