बांग्लादेश में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहीं दो कश्मीरी लड़कियों को दिल्ली एयरपोर्ट के डोमस्टिक टर्मिनल पर शुक्रवार को हिरासत में ले लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने पाया कि लड़कियों के पास मौजूद एक बैग पर लिखा था-There could be bomb inside. लड़कियां ढाका से आई थीं। वे अपने घर जा रही थीं। इन लड़कियों को पूछताछ के लिए रोका गया।
सुबह 11 बजे के करीब सीआईएसएफ कर्मियों की नजर उस बैग पर पड़ी। ये लाइनें एक मार्कर के जरिए लिखी गई थी। सूत्रों के मुताबिक, सीआईएसएफ वालों ने दिल्ली पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद, लड़कियों के बैग की विधिवत जांच की गई। पुलिस और दूसरी एजेंसियों ने भी लड़कियों से पूछताछ की। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट) डीके गुप्ता ने बताया, ‘दूसरे देशों में हमलों की वजह से सिक्युरिटी पहले से अलर्ट पर है। ऐहतियाती कदम उठाते हुए हमने जांच की और बाद में लड़कियों को जाने की इजाजत दे दी।’ एक पुलिस अफसर ने बताया कि लड़कियों को चार बजे जाने की इजाजत दी गई। उनकी फ्लाइट छूट गई। पुलिस अफसर के मुताबिक, ‘उन लड़कियों में से एक का रिश्तेदार दिल्ली में है। वे रात में वहीं ठहरेंगे और अगली सुबह श्रीनगर के लिए रवाना होंगे।’
लड़कियों के हिरासत में लिए जाने के बारे में जानकारी मिलने पर उनमें से एक के अभिभावक ने कहा, ‘हमने एयरपोर्ट के अफसरों से इस बात की पुष्टि की। उन्हें हिरासत में लिया गया है क्योंकि उनके बैग पर एक लेबल लगा था, जिस पर लिखा था कि उसमें बम है।’ लड़की के घरवालों का आरोप है कि लड़कियों का सामान बांग्लादेश और कोलकाता में भी चेक हुआ, लेकिन सवाल सिर्फ दिल्ली एयरपोर्ट के अफसरों ने उठाए। घरवालों ने यह मामला जम्मू-कश्मीर सरकार के सामने उठाया है। राज्य सरकार दिल्ली पुलिस के संपर्क में है। उधर, जम्मू के डिप्टी सीएम निर्मल सिंह ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने शक के आधार पर लड़कियों को पकड़ा और कुछ न मिलने पर उन्हें जाने दिया गया।