आनंद विहार इलाके में बुधवार को वाहन चालकों का चालान करना यातायात पुलिसकमिर्यों को महंगा पड़ गया। आनंद विहार बस अड्डे के बाहर तेज गति से वाहन चलाने पर यातायात पुलिसकमिर्यों ने दो कारों का चालान क्या किया दोनों कारों के चालक ड्यूटी पर तैनात दो यातायात पुलिसकमिर्यों पर टूट पड़े। उन्होंने उनके साथ मारपीट की।
घूंसा लगने के कारण एएसआइ की नाक से खून निकलने लगा। स्थिति हाथ से निकलते देख अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान मुरादाबाद के ललित और दिलशाद कालोनी के तरुण के रूप में हुई है। उनके खिलाफ पीड़ित एएसआइ कृष्णपाल और कांस्टेबल विकास की शिकायत पर मधु विहार थाने में मारपीट व सरकारी काम में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि विवेक विहार सर्कल में तैनात एएसआइ कृष्णपाल और कांस्टेबल विकास आनंद विहार बस अड्डे के बाहर इंटरसेप्टर वैन में तैनात थे। इस दौरान उन्होंने विवेक विहार की तरफ से तेज गति से आ रही दो कारों को रोका। एएसआइ कृष्णपाल एक चालक का ड्राइविंग लाइसेंस लेकर चालान काटने लगे। इस पर दूसरा चालक उनसे विवाद करने लगा।
कांस्टेबल विकास ने उसे रोका तो वह हाथापाई पर उतारू हो गया। इस पर कृष्णपाल भी आगे आए तो दोनों चालक उनसे भी भिड़ गए। एक आरोपी ने ऐसा घूंसा मारा कि कृष्णपाल की नाक से खून निकलने लगा। आनंद विहार चौकी से पहुंचे पुलिसकमिर्यों ने दोनों को अस्पताल भेजा और आरोपियों को मौके से दबोच लिया।

