यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के हुए हादसे में कार सवार एम्स के तीन डॉक्टरों की मौत हो गई, जिसमें एक महिला डॉक्टर शामिल है। इसके अलावा चार डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो महिला एवं दो पुरुष चिकित्सक शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने बताया, ‘यह हादसा सुरीर कोतवाली के अंतर्गत कल रात करीब ढाई बजे हुआ। एम्स के जूनियर डॉक्टरों का एक दल अपने साथी डा. हर्षद वानखेड़े का जन्मदिन मनाने के लिए दिल्ली से आगरा एसयूवी से जा रहा था।’ उन्होंने बताया, ‘तेज गति से चल रहा चिकित्सकों का वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कैंटर में जा घुसा। कार सवार 35 वर्षीय डॉ. हर्षद वानखेड़े निवासी अकोला (महाराष्ट्र), 26 वर्षीय डॉ. यशप्रीत सिंह निवासी पंजाब एवं 25 वर्षीय महिला चिकित्सक डॉ. हेमबाला निवासी यमुनानगर (हरियाणा) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।’

मांट क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक विजय शंकर मिश्र ने बताया, ‘गंभीर रूप से घायल महिला चिकित्सकों में त्रिपुरा निवासी डॉ. कैथरीन (27), बिहार निवासी डॉ. अभिनवा सिंह (25), बिहार निवासी डॉ. महेश कुमार (29) और मध्य प्रदेश निवासी डॉ. जितेंद्र मौर्य (28) को प्राथमिक उपचार के पश्चात तुरंत एम्स (दिल्ली) भेज दिया गया।’ एम्स के चिकित्सकों के अनुसार, सभी चार घायलों की हालत स्थिर है। एक महिला डॉक्टर की चेहरे की हड्डी टूट गयी और कूल्हे में गंभीर चोट आयी। उसका ऑपरेशन किया गया।

वहीं, एक अन्य डॉक्टर की कलाई की हड्डी टूट गई। इसके अलावा दो अन्य घायल डॉक्टरों को मामूली चोट आई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कैंटर का चालक हादसे के बाद अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया, ‘सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद एम्स (दिल्ली) से आए चिकित्सकों को सौंप दिए गए।’