गुरुवार को ज़िले के कहलगांव थाना के तहत अकबरपुर ग़ांव के घर आई बारात बैरंग ही नहीं लौटी बल्कि दूल्हा उदय रजक सूटबूट और सेहरा पहने थाने की सलाखों के पीछे पहुंच गया। पुलिस ने दूल्हे को जेल भेज दिया है। वह शराब के नशे में था। वह नालंदा पुलिस का कांस्टेबल है। अब उसकी नौकरी पर भी आफत आने वाली है। पुलिस ने लड़की के पिता योगेंद रजक के आवेदन पर इस सिलसिले में एफआईआर संख्या 37 दिनांक 18 जनवरी 19 दर्ज की है। जिसमें मारपीट, गाली गलौज से जुड़ी भारतीय दंड विधान की छह संगीन धाराओं के साथ बिहार मद्य निषेध की दफा के तहत मामला दर्ज किया है। और पूरे मामले की जांच का जिम्मा सबइंस्पेक्टर सुग्रीव सिंह को सौपा गया है।
दरअसल गुरुवार को यह शादी अकबरपुर कहलगांव के वाशिंदें योगेंद रजक की बेटी अनुषा कुमारी की होनी तय हुई थी। लड़के वाले बारात लेकर ज़िले के सुलतांगज के पैन ग़ांव से आए थे। दूल्हा राजकिशोर रजक का बेटा था। बारात में खुद लड़का बीच सड़क पर उतर नाचने लगा। इसके पिता ने भी खूब डांस किया। बाराती भी नाच रहे थे।
यह नजारा देख लड़की वालों ने लड़के को संयम बरतने को कहा। तो वह विफर गया। वह शराब के नशे में धुत्त था। वह और दूसरे लोग हंगामा करते हुए मारपीट और गालीगलौज करने लगे। इसी दौरान समझाने गए लड़की के मामा प्रसून रजक, चाचा रविशंकर रजक और पड़ोसियों से उलझ मारपीट की। नतीजन इन्हें चोटें आई है। लड़के के पिता ने लड़की के नाना धर्मराज रजक को बुरी तरह पीटा। बिगड़े माहौल और लड़के का यह रूप देख दुल्हन डर गई। और शादी करने से इंकार कर दिया। लड़की के पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आती देख बाराती भाग खड़े हुए। दूल्हे को थाना लाकर शराब मापक यंत्र से जांच की गई। सही पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस तहकीकात जारी है।

