तेलुगु टीवी एंकर निरोशा ने बुधवार को कथित तौर पर हॉस्टल में फांसी लगाकर जान दे दी। उनकी उम्र 23 साल थी। पुलिस के मुताबिक, निरोशा शहर में स्थित एक हॉस्टल में बतौर पेइंग गेस्ट रहती थीं।
डेक्कन क्रॉनिकल की खबर के मुताबिक, निरोशा जेमिनी म्यूजिक टीवी में काम करती थीं। निरोशा ने जिस वक्त स्यूसाइड किया, वो अपने ब्वॉयफ्रेंड रितविक के साथ वीडियो कॉल पर थीं। उनका कथित तौर पर ब्वॉयफ्रेंड से झगड़ा हुआ। निरोशा ने आत्महत्या की धमकी दी। बाद में दुपट्टे से पंखे से फांसी लगा ली। इस दौरान वीडियो कॉल चल रही थी। कनाडा में बैठे रितविक ने तुरंत निरोशा के रिश्तेदारों को जानकारी दी और मदद मांगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें निरोशा के किसी रिश्तेदार ने आधी रात को फोन करके मदद मांगी। हालांकि, जब तक पुलिस मौके पर पहुंची। निरोशा की मौत हो चुकी थी और फोन बंद हो चुका था।
निरोशा ने कुछ वक्त तक एक अन्य चैनल के साथ बतौर रिपोर्टर काम किया था। इसके बाद, उन्होंने जेमिनी टीवी में बतौर एंकर काम करना शुरू किया था। उनके अभिभावक चित्तूर जिले के सोमाला मंडल में रहते हैं। ब्वॉयफ्रेंड से वीडियोचैट से पहले निरोशा ने अपने घरवालों से बातचीत की थी। पुलिस ने जांच के लिए निरोशा का सेलफोन कब्जे में ले लिया है।