करीमनगर से करीब 80 किलोमीटर दूर गोविंदराम गांव के पास कथित रूप से चार अज्ञात लोगों ने 22 साल की एक विवाहित महिला का अपहरण कर लिया और हत्या कर दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल से मायके जा रही थी। उन्होेंने बताया कि जब दोनों गांव के पास पहुंचे तो चार लोगों ने महिला का अपहरण कर लिया। चारों लोग उनका पीछा कर रहे थे। पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपियों ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और जब महिला ने भागने की कोशिश की तो उन लोगों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।  महिला का शव आज सुबह बरामद किया गया। भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।