आंध्र प्रदेश के नेलोर जिले में एक महिला को जलाकर मारने की कोशिश का आरोप ससुराल वालों पर लगा है। जानकारी के मुताबिक ज्योतिषी की भविष्यवाणी के बाद आरोपियों ने महिला को जलाकर मारने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि 28 साल की टी गिरिजा की शादी पेशे से किसान शख्स से हुई थी। पिछले साल उसने एक बच्ची को जन्म दिया था, जिसके बाद से प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। दोबारा गर्भवती होने पर ससुरालवाले उसे ज्योतिषी के पास ले गए। ताकि पता लगाया जा सके कि महिला लड़के को जन्म देगी या नहीं।
पुलिस के मुताबिक ज्योतिषी के यह बताने पर कि इस बार भी लड़की ही होगी। महिला के ससुरालवाले ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। ससुरालियों ने महिला पर दबाव बनाया कि वह अपने परिवार वालों से दोनों लड़कियों की देखभाल के लिए पैसे मांग कर लाए। इसके बाद आरोपियों ने महिला से गर्भपात कराने के लिए कहा, जिसके लिए उसने मना कर दिया।
पुलिस ने बताया कि महिला की सास और ननद ने 20 अगस्त की रात को उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आगे लगाने की कोशिश की। महिला ने बताया कि जैसे ही उसकी सास ने माचीस जलाकर आग लगाई वह जाग गई। वह मामूली रूप से जल गई। यह मामला उस समय प्रकाश में आया जब महिला ने सोमवार को ससुरालियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि मिट्टी का तेल डाले जाने से पहले उसके ऊपर एसिड भी डाला गया। जिस समय यह घटना हुई महिला का पति घर पर नहीं था।
