सिंगर सिद्धू मूसेवाला के घर में फिर किलकारियां गूंजी हैं। उनके गुजर जाने के बाद उनके माता-पिता को फिर एक बच्चे के रूप में वरदान मिला है। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने खुद ये गुड न्यूज सोशल मीडिया पर शेयर की थी। लेकिन अब उस नन्हें मेहमान को लेकर ही विवाद शुरू हो गया है। अगर सिंगर के पिता की बात माने तो इस समय उन्हें परेशान किया जा रहा है।

बलकौर सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपना पूरा दर्द बयां किया है। उन्होंने बताया है कि इस समय प्रशासन द्वारा उन पर दबाव बनाया जा रहा है कि साबित करो ये बच्चा लीगल है। उनसे तरह-तरह से डॉक्यूमेंट्स मांगे जा रहे हैं। अब उन्हीं सब बातों को लेकर बलकौर सिंह ने सीएम भगवंत मान पर अपना गुस्सा निकाला है। उनकी तरफ से दो टूक कहा गया है कि भगवंत मान थोड़ा रहम कर लो, थोड़ा तरस खा लो, कम से कम ट्रीटमेंट तो पूरा होने दो।

उनकी तरफ से यहां तक कहा गया है कि अगर ज्यादा ही जल्दबाजी हो रही है तो उनके खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें जेल में डाल दिया जाए। वे फिर भी बेल पर बाहर आ जाएंगे क्योंकि उनके पास सारे डॉक्यूमेंट्स मौजूद हैं। अब ये विवाद ज्यादा तूल इसलिए पकड़ रहा है क्योंकि कांग्रेस ने भी सीएम भगवंत मान पर कड़ा प्रहार किया है। इस प्रकार की घटना को बेशर्मी बता दिया गया है।

पंजाब कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि भगवंत मान ये बेशर्मी की हद हो चुकी है। जब पूरी दुनिया इस बच्चे के आने की खुशियां मना रही हैं, आप की सरकार से वो खुशी भी सहन नहीं हो पा रही है। आपको एक बच्चे से कौन सा डर लग रहा है। उनके परिवार के साथ इतनी परेशानियां क्यों हो रही हैं।

अब जानकारी के लिए बता दें कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या में एक विवादित पहलू ये था कि कुछ दिनों पहले ही मान सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा हटा दी गई थी। जबकि इंटेल से ऐसी रिपोर्ट्स थीं कि उन पर हमला हो सकता है, उनकी जान को खतरा है। उसी वजह से जब उस वारदात को अंजाम दिया गया, परिवार से लेकर विपक्ष ने आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा।