राजस्थान के श्रीगंगानगर में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि देश के अन्य भागों में तापमान सामान्य रहा, लेकिन उमस के कारण सभी को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान में श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा, जबकि चुरू और बीकानेर में अधिकतम तापमान 44.2 और 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि जैसलमेर, पिलानी, बाड़मेर और कोटा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से उच्च्पर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, श्रीगंगानगर में 3.6 मिलीमीटर वर्षा हुई, प्रदेश की राजधानी जयपुर में 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटो में पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में जबकि पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर बारिश हो सकती है।
राष्ट्रीय राजधानी में आज रविवार का दिन गर्मी और उमस भरा रहा। अधिकतम तापमान 39.4 जबकि न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में आर्द्रता का स्तर 50 से 83 प्रतिशत के बीच रहा।
गांगेय पश्चिम बंगाल में भी आज का दिन गर्मी और उसम भरा रहा। प्रदेश में बर्दवान सबसे गर्म स्थान रहा, जहां का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि श्रीनिकेतन में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी कोलकाता में आज दिन का तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि कूचबिहार में 48.2 मिलीमीटर बारिश हुई है जो प्रदेश में कल से सबसे ज्यादा है। जलपाईगुड़ी में 17.3 मिलीमीटर, जबकि दार्जिलिंग मेंं 2.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव वाला क्षेत्र बने होने के कारण ओडिशा के दक्षिणी और तटवर्ती क्षेत्रों के लगभग सभी हिस्सों में बारिश हुई है।
ओडिशा मेंं सम्बलपुर सबसे गर्म स्थान रहा। वहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भुवनेश्वर में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 100 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में दक्षिण ओडिशा के क्षेत्र में भारी वर्षा की आशंका जताते हुए मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया है।

