मध्य प्रदेश के दमोह में छात्राओं ने एक मनचले को सबक सिखाया। छेड़खानी कर रहे युवक की छात्राओं ने पिटाई कर डाली। शनिवार सुबह 11 बजे स्कूल के सामने कुछ छात्राओं ने एक मनचले की जबरदस्त धुनाई की। पिटाई का वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग किशोरी को पवन नाम का एक लड़का कई दिनों से परेशान कर रहा था। वह स्कूल आते-जाते लड़की का पीछा करता था। साथ ही कई तरह की टिप्पणियां भी करता। इससे तंग आकर लड़की ने मनचले को सबक सिखाने के लिए अपनी सहेलियों को एक जुट किया। शनिवार को जैसे ही पवन रोमियो अंदाज में फब्तियां कसते हुए स्कूल के गेट से गुजरा तभी सभी लड़कियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
सभी लड़कियों ने मिलकर पवन की धुनार्इ कर दी। उन्होंने उस पर चांटों की बरसात कर दी। साथ ही चप्पल और जूतियों से भी उसकी खबर ली। कोतवाली पुलिस ने पवन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस की एएसआई विनीता करोसिया के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया गया। उसे मजिस्ट्रेट के सामने भी पेश किया गया।
- कीर्ति राजेश चौरसिया की रिपोर्ट

