Chitrakoot Road Accident: चित्रकूट जिले में तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में एक महिला और चार पुरुष शामिल है। मिली जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के कपसेठी-अमानपुर नेशनल हाईवे पर हादसा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की है।
हादसा कर्वी कोतवाली क्षेत्र के अमानपुर गांव में हुआ है। ऑटो ई-रिक्शा चित्रकूट धाम कर्वी रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लेकर रामघाट जा रहा था, जिसमें नौ लोग सवार थे। आटो अमानपुर पहुंचा तो आगे जा रहे वाहन को ओवरटेक करना चाहा। तब ही भरतकूप की तरफ से आ रहे डंपर की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार लोग काफी देर तक अंदर फंसे रहे। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी उपेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन मंगवाकर ऑटो में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। तब तक तीन लोगों ने दम तोड़ दिया था। पांच घायलों को जिला के हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, यहां पर डॉक्टरों ने दो और लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।
तीन घायल लोगों में कर्वी के नारायनपुर के रहने वाले अखिलेश का 20 साल का बेटा निर्भय और अहमदगंज के रहने वाले प्रेमलाल का बेटा सूरज शामिल है। वहीं, एक अन्य घायल किशोर की पहचान नहीं हो सकी है। डंपर का चालक डंपर को छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और डंपर को सीज कर दिया गया है।