केरल में एक अजीब मामला सामने आया है। रेप के जिस दोषी को 20 साल की सजा सुनाई गई उसी के साथ शादी करने के लिए पीड़िता सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई। दरअसल कैथलिक पादरी रॉबिन वेडाक्कुमचेरी के खिलाफ पीड़िता के रेप का दोष साबित हुआ था। इसके बाद उसे 20 साल जेल की सजा सुना दी गई थी।

फरवरी 2019 को पादरी को कोर्ट ने सजा सुनाई। उसपर एक नाबालिग के साथ रेप का मामला साबित हुआ था। इसके बाद चर्च ने भी उसे पादरी के पद से बेदखल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पीड़िता एक कैथलिक परिवार से ही ताल्लुक रखती थी जहां पादरी का आना जाना था। साल 2016 में पादरी ने लड़की को डेटा एंट्री का काम दे दिया। तब उसने केवल 10वीं की परीक्षा पास की थी।

दोपहर के समय जब दूसरी लड़कियां वहां नहीं थी तब पादरी किशोरी को बेडरूम में ले गया और रेप किया। उसने लड़की को धमकी दी कि यह बात किसी को नहीं बताएगी तभी उसे घर जाने देगा। लड़की ने परिवार को कुछ भी नहीं बताया। वह स्कूल चली गई। बाद में वह प्रेग्नेंट हो गई। अभी भी किसी को पता नहीं चला।

7 फरवरी 2017 को जब लक्षण सामने आने लगे और पीड़िता को दर्द हुआ तो उसे पास के अस्पातल में ले जाया गया। जांच के बाद पता चला की वह प्रेग्नेंट थी। इसके बाद उसने अपनी मां को सारी बात बताई। किशोरी को बच्चा भी हुआ जिसका बिल पादरी ने ही भरा।

पादरी ने इस मामले को दबाने की बहुत कोशिश की लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह अभी जेल में है। हालांकि अब युवती का कहना है कि अगर उसके साथ शादी हो गई तो वह केस वापस लेने को तैयार है।