कानून-व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी उठा रही राजस्थान पुलिस ने अपने रुटीन से हटकर कुछ ऐसा काम किया कि लोगों की वाह-वाही लूट ले गयी। राजस्थान के टोंक में पुलिस आर्थिक रूप से कमजोर एक लड़की की शादी करवाई। इस शादी का सारा खर्चा पुलिस कर्मियों ने खुद उठाया। पिछले 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया के मौके पर ममता नाम की इस लड़की शादी करवाई गई। पुलिस के मुताबिक बचपन में ही इस लड़की के सिर से पिता का साया उठ गया था। इसके बाद बच्ची अपने भाई के साथ रह रही थी। कुदरत ने इस लड़की पर ऐसा कहर ढाया कि डेढ़ साल पहले उसकी भाई की भी बीमारी से मौत हो गई। अब लड़की अकेली हो गई थी। उसका आसरा सिर्फ उसकी बूढ़ी मां थी। लेकिन मां भी कर्ज में डूबी थी। उसे अपनी रोटी-रोटी चलाने और पुराने कर्जे को चुकाने के लिए मजदूरी करनी पड़ी।
In a heartwarming gesture, #Rajasthan Police host & sponsor a poor village girl’s wedding @PoliceRajasthan#goodnewsoftheday #positivenews pic.twitter.com/s1RPWlXu5B
— ABP News (@abpnewstv) April 26, 2018
इसी दौरान लड़की ने थाने में भी मजदूरी की और मनरेगा में भी काम किया। जब लड़की की शादी की बात आई तो उनकी मदद करने वाला कोई नहीं था। हालांकि मां-बेटी ने गांव वालों से गुहार भी लगाई। लेकिन सबने मुंह मोड़ लिया। आखिरकार दोनों मां-बेटी दतवास थाना प्रभारी दयाराम चौधरी तक पहुंची। पुलिसवालों ने इस फरियाद पर गंभीरता से विचार करते हुए फैसला लिया कि वे लोग ममता को गोद लेंगे और धूम-धाम से उसकी शादी करवाएंगे।इसके बाद 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया के शुभ मुहुर्त पर ममता की शादी करवाई गई। इसके लिए पुलिसकर्मी पूरी तरह से सक्रिय रहे। सबों ने आपस में चंदा किया और शादी का खर्च जुगाड़ किया। पुलिस ने शादी को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। 25 पुलिसवालों ने बरातियों का घरातियों की तरह स्वागत किया और शादी की सारी रस्में पूरी की। राजस्थान पुलिस की इस कदम की सभी लोग तारीफ कर रहे हैं।
