राजस्थान के सवाई माधोपुर में एक यात्री बस के नदी में गिरने से 32 लोगों की मौत हो गई है। घटना में छह लोग बुरी तरह घायल भी हुए हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के अनुसार, दुर्घटना के बाद घायलों को स्थानीय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं किसी भी जीवित व्यक्ति को खोजने के लिए बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक (सवाई माधोपुर) मामन सिंह और कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि बस बनास नदी में जिस स्थान पर गिरी उस स्थान पर पानी कम होने के कारण सात लोगों को बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि यह हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे उस समय हुआ जब बस सवाई माधोपुर से लालसोट जा रही थी। पुलिस ने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि बस की रफ्तार संभवत बहुत तेज थी। चालक ने तब बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस करीब सौ फुट की ऊंचाई से बनास नदी में जा गिरी। उन्होंने आगे बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में गिरी बस में से लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार 26 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छह लोगों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में या उपचार दौरान दम तोड़ दिया। इनमें से 16 लोगों की शिनाख्त कर ली गई है। जिनमें प्रकाश, जाकिर, परमानंद महाजन, मुरारी, जाहिदा, गफ्फार, सत्यनारायण, ओम प्रकाश पुत्र बाबू, शाहरूख, रूप सिंह, शेरू, आबिद अली, राजेश, प्रेम देवी और रामप्यारी शामिल हैं। इनमें से 10 शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिए गए हैं। सवाई माधोपुर पुलिस के अनुसार बस नदी से निकाल ली गई है। वहीं जिंदा बचे सात लोगों को उपचार के लिए सवाई माधोपुर और आस-पास के अस्पतालों में भेजा गया है।