जयपुर घूमने आए एक विदेशी युवक एक आवारा सांड के सींग मारने से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाधिकारी चेनाराम बेरा ने आज (19 नवंबर) बताया कि अर्जेंटीना के पर्यटक जॉन पाबलो लैंपी (29) को माणक चौक थाना क्षेत्र में त्रिपोलियो गेट के पास कल एक आवारा सांड ने सींग मारकर घायल कर दिया था। उसे सवाई मान सिंह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।उन्होंने बताया कि मृतक न्यूजीलैंड का रहने वाला है और उसका पासपोर्ट अर्जेंटीना का बना हुआ है। मृतक का शव सवाई मान सिंह चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया गया है। घटना की जानकारी अर्जेंटीना दूतावास को दे दी गई है। पुलिस जांच अधिकारी सीमा पठान ने बताया कि मृतक और उसके मित्र गत 27 अक्तूबर को घूमने के लिए भारत आए थे। वह लोग कल ही पुष्कर से जयपुर आए थे।
#Jaipur: A foreign national dies after being attacked by a bull in Manak Chowk police station area. He was rushed to a hospital after injuries, and later succumbed pic.twitter.com/v8TZNU6JUA
— ANI (@ANI) November 19, 2017
बता दें कि राजस्थान की राजधानी जयपुर पिंक सिटी के नाम से जाना जाता है। राजाओं-महाराजाओं का ये शहर विदेशी सैलानियों के बीच काफी लोकप्रिय है। लेकिन यहां के आवारा जानवर प्रशासन और सैलानी दोनों के लिए ही समस्या पैदा करते हैं। आवारा पशुओं की वजह से शहर में ट्रैफिक की समस्या तो पैदा होती ही है। कई बार सड़क पर चल रहे लोग भी इन जानवरों की चपेट में आ जाते हैं। प्रशासन के मुताबिक उनके पास इतना संसाधन नहीं है कि वे जानवरों को दूसरे स्थान पर ले जाकर रख सके। साथ ही आवारा जानवरों को कब्जे में लेने पर कई संगठन इसके खिलाफ खड़े हो जाते हैं। 2012 में एक पशुगणना के मुताबिक भारत में 50 लाख आवारा जानवर हैं।

