राजस्थान के बारां जिले के बावचा थाना इलाके में शुक्रवार रात जन्मदिन समारोह के दौरान मकान का छज्जा गिर जाने से उसके मलबे में दब जाने से एक बच्ची और एक महिला की मौत हो गयी और 24 अन्य घायल हो गये। थाना प्रभारी मान सिंह ने बताया कि बारां जिले के बावचा में कई लोग मकान के छज्जे पर बैठ कर समारोह में चल रहे संगीत कार्यक्रम को सुन रहे थे। भार बढ जाने से छज्जा अचानक गिर गया और बैठे लोग नीचे आ गिरे और इसके मलबे में दब गये।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान आयुषी किराड :6: और सावित्री :45: के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि छह लोगों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है, जबकि मामूली रूप से घायल अन्य लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी है। पुलिस ने शवों का आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
