पंजाब के मोगा में जन्म लेने वाली अनमोल जीत कौर घुमण ने महज 18 साल की उम्र में एक शानदार उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। एक साल की उम्र से न्यूजीलैंड में रह रहीं अनमोल को न्यूजीलैंड के पापाकुरा में यूथ एमपी चुनी गई हैं। अनमोल का कहना है कि उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ बाकी जानकारियों में भी खासी दिलचस्पी होती है। वे कानून और आर्थिक मामलों की विशेषज्ञ बनना चाहती हैं। वेलिंगटन में होने वाला यह यूथ सेशन दो दिनों तक चलेगा। इसमें 120 युवा हिस्सा लेंगे। छह महीने के अपने कार्यकाल के दौरान इन युवाओं को महत्वपूर्ण मुद्दों पर काम करने और अपने विचार रखने का मौका मिलता है।
जुलाई 2019 में बनेंगी यूथ सेशन का हिस्सा
अनमोल के पिता गुरजिंदर सिंह घुमण और मां कुलजीत कौर दोनों यहां टीचर हैं। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड में चुने हुए एमपी अपने क्षेत्र से यूथ एमपी का चुनाव करते हैं। इस बार पापाकुरा की मौजूदा एमपी यूडित कौलन ने अनमोल जीत कौर घुमण का अपने प्रतिनिधि के तौर पर चुनाव किया है। इस पद पर वे 1 मार्च 2019 से 31 अगस्त 2019 तक रहेंगी। जुलाई 2019 में वे यूथ सेशन में भी हिस्सा लेंगी।
लंबी है रिकॉर्ड्स की फेहरिस्त
यह अनमोल की पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों और अन्य गतिविधियों में हिस्सा लेती रही हैं। सिर्फ 17 साल की उम्र में उन्हें संयुक्त राष्ट्र के लिए हाई स्कूल की राजदूत चुना गया था। इसके अलावा वे हॉकी और जिमनास्टिक में भी मेडल जीत चुकी हैं। अनमोल का कहना है कि वे कानून और आर्थिक मामलों की विशेषज्ञ बनकर लोगों की मदद करना चाहती हैं।