पंजाब में एक पिता ने अपनी 16 साल की बेटी का फोन बिजी आने पर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। यह मामला पंजाब के करनाल का है। जिस शख्स ने इस कत्ल को अंजाम दिया उसका नाम करनैल सिंह है। वह बढ़ई का काम करता है। शुक्रवार (8 जुलाई) को रात 9 बजे करीब करनैल सिंह ने अपनी बेटी रिंकी को फोन किया। उसका फोन बिजी आ रहा था। फिर जब रिंकी ने फोन उठाया तो करनैल ने उसे बुरी तरह से डांट दिया। इसपर रिंकी पिता से नाराज होकर अपने मंगेतर के घर चली गई। करनैल सिंह ने अपनी नाबालिग बेटी की सगाई पास ही के गांव कैथल में कर रखी थी। लेकिन नाबालिग होने की वजह से ना तो शादी की और ना ही उसे ससुराल भेजा।

रिंकी के ससुराल पहुंचने के बाद उसके ससुर ने करनैल सिंह को रिंकी के वहां पहुंचने की जानकारी दी। करनैल सिंह ने तभी के तभी अपनी बेटी को वापस छोड़कर जाने के लिए कहा। ससुराल वाले रात को ही रिंकी को उसके घर लेकर आने लगे। रास्ते में भी करनैल सिंह ने उनकी गाड़ी देख ली और उन्हें रोक लिया। वह वहां पूरी तैयारियों के साथ गया था। उसने पहले रिंकी के मंगेतर के भाई को मारा और फिर रिंकी को गाड़ी से बाहर खींचकर तलवार से उसका गला काट दिया।

इसके बाद करनैल खुद ही पुलिस स्टेशन पहुंचा और उसने अपना गुनाह कबूल लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रिंकी की बॉडी पोस्टमार्टम के बाद उसके परिवार को सौंप दी गई है।