पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिन्दर सिंह ने आज यहां कहा कि कांग्रेस को पंजाब में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक संवाद सत्र के बाद पत्रकारों से बातचीत में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस को जनता से ‘जबरदस्त’ प्रतिक्रिया मिल रही है और पार्टी कार्यकर्ताओं में पूर्ण उत्साह है। हालांकि, उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने पर अंतिम निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में अमरिन्दर ने कहा कि वह पंजाब में चुनावी रैलियों को संबोधित करने के लिए प्रियंका गांधी को आमंत्रित करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष की पुत्री सभी की चहेती हैं।