ABP-C Voter Survey: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस में जारी उठापठक के बीच आप बाजी मार सकती है। एबीपी-सी वोटर सर्वे के अनुसार 32 प्रतिशत लोग आम आदमी पार्टी के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। सर्वे की मानें तो अगले साल होने वाले चुनाव में पंजाब की जनता बदलाव के लिए वोट डाल सकती और कांग्रेस के लिए इस किले को बचाना मुश्किल हो सकता है।

एबीपी-सी वोटर सर्वे के अनुसार 32 प्रतिशत लोग जहां केजरीवाल की पार्टी आप के पक्ष में हैं, वहीं कांग्रेस के पक्ष में 27 प्रतिशत जनता खड़ी है। अकाली दल की बात करें तो 11 प्रतिशत लोगों को लगता है कि ये पार्टी सत्ता में आएगी। जबकि छह प्रतिशत लोगों को मानना है कि चुनाव के बाद त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बन सकती है।

इस सर्वे में एक और बात सामने आई है कि 21 प्रतिशत लोग अभी किसी के पक्ष में नहीं दिख रहे हैं। विशेषज्ञों की मानें तो ये 21 प्रतिशत लोग जिस साइड जाएंगे, सरकार उनकी बन सकती है।

सी वोटर के सर्वे में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। सरकार बदलने से संबंधित सवाल जब जनता से पूछा गया तो 66 प्रतिशत लोगों का कहना था कि वो सरकार बदलना चाहते हैं, हालांकि 34 प्रतिशत लोग वर्तमान कांग्रेस सरकार से खुश हैं और सरकार बदलने के पक्ष में नहीं हैं। यानि कांग्रेस अभी भी मजबूत स्थिति में दिख रही है।

वहीं पिछले सर्वे में सीएम चन्नी की लोकप्रियता बरकरार थी और लोगों की पसंद में वो नंबर वन थे। एबीपी के अनुसार कांग्रेस की स्थिति चन्नी के सीएम बनने के बाद से थोड़ी ठीक हुई है। चन्नी का दलित होना, कांग्रेस को फायदा पहुंचा सकता है।

बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 117 सीटों में से 77 सीटों पर जीत हासिल की थी और सत्ता में वापसी करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम बनाया था। कुछ महीने पहले जब विधायकों की नाराजगी के साथ-साथ कई विवादों के कारण कैप्टन को सीएम पद छोड़ना पड़ा, तब चरणजीत सिंह चन्नी को कांग्रेस ने पंजाब की गद्दी सौंप दी थी। इस चुनाव में किसान आंदोलन से निकले संगठन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कुछ दिन पहले ही 22 किसान संगठनों ने अपना राजनीति मोर्चा भी बनाने का ऐलान कर दिया है।