पुदुचेरी की उप-राज्यपाल और पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी रविवार (नौ जून, 2019) को 70 बरस की हो गईं। राजभवन में दोपहर को धूमधाम से उनका जन्मदिन मनाया गया। 71वें जन्मदिन पर बेदी के सहयोगियों और बाकी स्टाफ ने उस दौरान न सिर्फ उन्हें बधाई और तोहफे दिए, बल्कि बाल्टियों से फूल बरसाकर उन्हें सरप्राइज भी दिया।
जन्मदिन के जश्न के बीच उप-राज्यपाल भी बेहद खुश नजर आईं। इतनी अधिक कि वह राजभवन में सहयोगियों और कर्मचारियों के सामने बच्चों की तरह मस्ती करने लगीं। उन्होंने भी आस-पास खड़े लोगों को फूलों की पंखुड़ियों से नहलाया, जबकि बेदी ने बाद में कहा कि उन्होंने ऐसा कमाल का जन्मदिन का जश्न आज तक नहीं देखा था।
बेदी के आधिकारिक टि्वटर हैंडल से इस जश्न का एक वीडियो भी शेयर किया गया। लिखा गया था, “70 बरस की उम्र में सबसे मस्तीभरा जश्न।” क्लिप की शुरुआत में ‘हैपी बर्थडे…’ गाने के साथ बेदी पर आसपास मौजूद लोग उन पर फूलों की कलियां डाल रहे थे, जबकि अगल-बगल खड़े लोगों ने उन पर फूलों से भरी बाल्टियां उड़ेल दीं। फूलों की कलियों से ‘नहलाए’ जाने के बाद उप-राज्यपाल भी मेहमानों पर फूल फेंककर मस्ती करने लगीं।
देखें, पूरा वीडियोः
Most enjoyable celebration @ 70pic.twitter.com/eP6Si3qXJs
— Kiran Bedi (@thekiranbedi) June 9, 2019
वह आगे बोलीं, “ग्रीन कलरफुल पुदुचेरी, फुल ऑफ फ्लावर्स पुदुचेरी…यह वाकई में कमाल का (जश्न) है। मैंने ऐसा जन्मदिन कभी नहीं नहीं देखा। आस-पास मौजूद सहयोगी और कर्मचारी भी इस दौरान खुशी से जश्न का आनंद ले रहे थे।” उसी बीच, कुछ सहयोगियों ने उन्हें ऐसे फूलों के गुलदस्ते दिए, जिनमें 70 गुलाब थे। खुबसूरत और खुशबूदार फूल पाकर उन्होंने जवाब में कहा, “आप लोगों को इन फूलों के लिए ढेर सारा प्यार और बहुत-बहुत शुक्रिया। आप सभी पर ईश्वर की खूब कृपा बरसे।”
‘मिशन ग्रीन पुदुचेरी’ का आगाजः केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में हरित क्षेत्र को बढ़ाने के मकसद ने उन्होंने सुबह ‘मिशन ग्रीन पुदुचेरी’ की शुरुआत भी की। उन्होंने उस दौरान कंगन झील के नजदीक पौधे भी लगाए। देलार्सपेट गांव के लोगों ने उप-राज्यपाल का स्वागत किया और इस क्षेत्र को हरा-भरा बनाने में उनकी मदद की। लोगों ने इसके अलावा बेदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।