चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा और कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी खुद ही कई राज्यों में चुनावी रैलियों के लिए पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को वे असम के बोकाखाट में सार्वजनिक रैली में हिस्सा लेने पहुंचे। पीएम ने यहां कहा कि असम को इस बार फिर डबल इंजन की सरकार मिलेगी। इतना ही नहीं उन्होंने कहा, ‘यह तय हो गया है कि राज्य में दूसरी बार भाजपा सरकार’।

‘असम में डबल ताकत से हो रहा काम’: पीएम मोदी ने संबोधन में कहा, “असम में दूसरी बार भाजपा सरकार। असम में दूसरी बार NDA सरकार। असम में दूसरी बार डबल इंजन की सरकार। अब जब केंद्र में NDA सरकार है और राज्य में भी NDA सरकार है, तो डबल इंजन की ताकत असम को तेजी से आगे बढ़ा रही है। अब हाईवे बनाने पर डबल ताकत से काम हो रहा है क्योंकि राज्य सरकार भी असम को देश से जोड़ रही है और केंद्र सरकार भी।

कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना: मोदी ने विपक्षी कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। पीएम ने कहा, “50 साल से ज्यादा असम पर राज करने वाले लोग आजकल असम को पांच गारंटी दे रहे हैं। असम के लोग इनकी रग-रग से वाकिफ हैं। इन लोगों को झूठे वायदे करने की, झूठे घोषणापत्र बनाने की आदत पड़ गई है। कांग्रेस मतलब झूठे घोषणापत्र की गारंटी। कांग्रेस मतलब कंफ्यूजन की गारंटी। कांग्रेस मतलब अस्थिरता की गारंटी। कांग्रेस मतलब, बम, बंदूक और ब्लॉकेड की गारंटी। कांग्रेस मतलब हिंसा और अलगाववाद की गारंटी। कांग्रेस मतलब भ्रष्टाचार की गारंटी, घोटालों की गारंटी।

‘खुद को सेकुलर बताते हैं और सांप्रदायिक दलों का साथ देते हैं’: प्रधानमंत्री ने बदरुद्दीन अजमल की एआईयूडीएफ के साथ गठबंधन करने पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा, “ये खुद को सेकुलर बताते हैं, लेकिन असम, पश्चिम बंगाल और केरल में संप्रदाय के आधार पर बने दलों के साथ दोस्ती करते हैं। सत्ता के सामने इनको कुछ नहीं दिखता। इसी कारण अब कांग्रेस के लोगों की बातों पर देश में कोई भरोसा नहीं कर रहा।

‘कांग्रेस को अपना खजाना भरने के लिए चाहिए सत्ता’: भाजपा के नेतृत्व में NDA सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। लेकिन आज के कांग्रेस नेताओं को तो सिर्फ सत्ता से मतलब है, वो चाहे कैसे भी मिले। असल में कांग्रेस का खज़ाना अब खाली हो गया है, उसे भरने के लिए इन्हें किसी भी कीमत पर सत्ता चाहिए। अब देखिए, कांग्रेस का झारखंड में, बिहार में, महाराष्ट्र में, जिनके साथ इनका गठबंधन है, वो पश्चिम बंगाल में इनके खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। केरल में लेफ्ट को गाली देते हैं, पश्चिम बंगाल में कुर्सी की आस में लेफ्ट को गले लगाते हैं।

कांग्रेस ने चाय बागान में काम करने वाले परिवारों को भी वर्षों तक अभाव में रखा। बीते पांच सालों में भाजपा ने NDA सरकार ने चाय बागान में काम करने वाले साथियों के लिए पढ़ाई, कमाई और दवाई से जुड़ी जरूरतों के लिए एक के बाद एक कदम उठाए हैं।