बिहार के एक शख्स को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मिली। उस शख्स ने पत्र लिखकर मोदी को अपना भगवान और खुद को उनका भक्त बताया था। जिस शख्स ने यह पत्र लिखा उसका नाम राम शंकर यादव है। वह बिहार का रहने वाला है। लेकिन वह गुड़गांव में ऑफिस ब्वॉय का काम कर रहा है। 21 साल के यादव को तीन लोगों ने ठग लिया था। जिसके लिए वह पुलिस स्टेशनों के चक्कर काटता रहा लेकिन किसी भी जगह से न्याय मिलना तो दूर उसकी शिकायत तक दर्ज नहीं की गई। जिसके बाद आखिर में उसने 10 जनवरी को पीएम मोदी के नाम एक पत्र लिखा। उसके बाद गुड़गांव के मेट्रो पुलिस स्टेशन से उसको कॉल आई। अब मामले की आगे छानबीन जारी है। पीएमओ को लिखे गए पत्र में यादव ने लिखा था, ‘वो (मोदी) राजा हैं और राजा भगवान होते हैं।’

यादव ने बताया कि वह बिहार के मधुबनी से कॉरेसपोन्डेंस से पढ़ाई कर रहा है। उसकी हाजरी में कुछ गड़बड़ी थी जिसको वह ठीक करवाने के लिए अपने गांव जाना चाहता था। लेकिन रास्ते में हुई इस घटना में उसके सारे सर्टिफिकेट खो गए। पुलिस ने बताया कि वे लोग सीसीटीवी खंगाल रहे हैं जिससे आरोपियों को पहचाना जा सके। खबर के मुताबिक, पुलिस ने 406 (आपराधिक उल्लंघन) और 420 (धोखाधड़ी) का मामला दर्ज किया है।

क्या है मामला: यादव ने बताया कि वह बिहार जाना चाहता था। कश्मीरी गेट पर उसको तीन लोग मिले जिन्होंने कहा कि वे भी बिहार ही जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे टिकट कलेक्टर को जानते हैं और यादव को टिकट दिलाने में मदद कर सकते हैं। इसपर यादव उनके साथ चला गया। उन लोगों ने मौका पाकर उसको पीटा और उसके आठ हजार रुपए और बैग छीन लिया जिसमें उसके सारे कागजात थे।

यादव ने बताया कि उसने सुभाष पैलेस, कश्मीरी गेट और रिठाला पुलिस स्टेशन पर शिकायत दर्ज करवाने की कोशिश की थी। लेकिन हर जगह से उसको किसी और जगह भेज दिया गया।