देश की राजधानी नई दिल्ली में एक सनसनीखेज वारदात हुई है। एक 32 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी और दो दिनों तक उसके शव के बगल में सोती रही। घटना दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के कापसहेड़ा की है। पुलिस ने गुरुवार (27 जुलाई) को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि महिला ने अपने पति की 22 जुलाई को हत्या कर दी थी। घटना के तीसरे दिन उसने अपने पड़ोसियों से कहा कि उसके पति को दिल का दौरा पड़ा है। जब पड़ोसियोंको शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को खबर दी। उसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार महिला ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। महिला के अनुसार उसका पति उसे मारता-पीटता था जिससे तंग आकर उसने ये कदम उठाया।

32 वर्षीय महिला शिल्पी अधिकारी पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसे रोज रात शराब पीकर पीटता था। महिला के अनुसार उसका पति उसे पड़ोसियों के सामने ज़लील करता था। महिला के अनुसार उसने अपने पति को चेताया था कि अगर वो नहीं सुधरा तो वो उसकी हत्या कर देगी। महिल ने कहा कि जब उसका पति नहीं माना तो उसने तंग आकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने महिला को 25 जुलाई को गिरफ्तार किया था।

महिला कापसहेड़ा में एक छोटे से कमरे में पति के रहती थी। हत्या के बाद उसे समझ नहीं आया कि वो लाश का क्या करे इसलिए वो उसे घर में ही रखे रही और उसके बगल में दो दिन सोती रही। महिला ने पड़ोसियों से कहा कि उसका पति प्राकृतिक मौत मरा है। पुलिस के अनुसार महिला अपने पड़ोसियों को अपनी बात पर यकीन दिलाने में कामयाब हो गई थी लेकिन पुलिस का एक मुखबिर महिला का पड़ोसी था और लाश के गले पर निशान देखकर उसे शक हुआ और उसने लाश को जलाए जाने से कुछ ही देर पहले पुलिस को खबर कर दी जिसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला के अनुसार उसका पति उसकी सारी कमायी छीन लेता था और उससे शराब पी जाता था। अगर वो उसे पैसे देने से मना करती थी तो वो उसकी घंटों तक पिटाई करता रहता था। महिला के अनुसार एक रात उसके पति उसे सात घंटे तक पीटता रहा और उसके बाद थककर सो गया। महिला रॉयल बैंक ऑफ स्कॉटलैंड में हाउसकीपिंग स्टाफ के रूप में काम करती थी।