पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 5 विधानसभा क्षेत्रों में तीन प्रमुख राजनीतिक दलों के अलावा बागी और अन्य स्थानीय दलों के प्रत्याशी नगर निगम चुनाव को रोचक बना रहे हैं। कई वार्डों में अभी तक प्रचार के मामले में निर्दलीय प्रत्याशी सभी को पीछे छोड़ रहे हैं। अबुल फजल एन्क्लेव वार्ड पर भाजपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया है, जिसके कारण भाजपा ने निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देने का एलान किया है। वहीं जाकिर नगर सीट से भाजपा के मुसलिम प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। जाकिर नगर सीट पर 2012 में दो दर्जन उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था।
कृष्णानगर विधानसभा क्षेत्र
यहां की आबादी करीब 254199 है। कृष्णानगर वार्ड से आप ने नवीन गुप्ता, कांग्रेस ने सुमन नैयर और भाजपा ने संदीप कपूर को उतारा है। इस वार्ड में स्वास्थ्य विहार, पुराना अर्जुन नगर, चांद मोहल्ला, ईस्ट कृष्णा नगर, गीता कालोनी, झील, राधेपुरी और सरताज एन्क्लेव जैसे इलाके शामिल हैं। अनारकली वार्ड पर आप से नमिता बहल, कांग्रेस से प्रवीणा शर्मा और भाजपा से रेखा दीक्षित प्रत्याशी हैं। इस वार्ड में राधेपुरी एक्सटेंशन, चावला पार्क, गणेश पार्क, रामनगर, अनारकली गार्डन, बलदेव पार्क, गगन विहार, गोपाल पार्क और जगतपुरी इलाके के निवासी निगम चुनाव में मतदान करेंगे।
घोंडली वार्ड पर हाजी शहनवाज आप, राजू सचदेवा कांग्रेस और दीपक मल्होत्रा भाजपा के उम्मीदवार हैं। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रमेश पंडित भी पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। कृष्णा नगर, पूर्व चंदर नगर, घोंडली, हजारा पार्क, ज्ञान पार्क, खुरेजी खास गांव, लक्ष्मण पार्क, पंडित पार्क एक्सटेंशन, रशीद मार्केट, शिवपुरी और श्याम नगर इलाके इस वार्ड में आते हैं।
गीता कालोनी वार्ड पर आप ने पूजा छाबड़ा, कांग्रेस ने अन्नू और भाजपा ने नीमा भगत को प्रत्याशी बनाया है। वार्ड में आराम पार्क, गीता कालोनी, शास्त्री नगर, रानी गार्डन, सरोजनी नायडू पार्क और लक्ष्मी बाजार वेस्ट के इलाके हैं।
गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र
इस विधानसभा क्षेत्र की आबादी करीब 197256 है। यहां के शास्त्री पार्क वार्ड पर भाजपा के रमेश चंद्र गुप्ता, आप के रियाजुद्दीन और कांग्रेस के सुरेंद्र शर्मा चुनावी मैदान में हैं। यहां कांग्रेस के बागी विनोद जैन निर्दलीय के रूप में अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। शास्त्री पार्क, बिहारी बिल्डिंग, चंदरपुरी, अजीत नगर बुलंद मस्जिद, गुरुद्वारा गली और गांधी नगर इलाके वार्ड में हैं।
कांति नगर वार्ड से भाजपा ने कंचन महेश्वरी, आप ने वंदना रानी और कांग्रेस ने वर्याम कौर को प्रत्याशी बनाया है। यहां के ईस्ट आजाद नगर, पुराना सीलमपुर पूर्व, गुख्य गांधी नगर रोड, कांति नगर विस्तार, शंकर नगर और वेस्ट कांति नगर इलाके के मतदाता पार्षद चुनाव में मतदान करेंगे। रघुवरपुरा वार्ड के लिए भाजपा ने श्याम सुंदर अग्रवाल, आप ने गौरव शर्मा और कांग्रेस ने राजेश शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। वार्ड में अजीत नगर, धर्मपुरा वेस्ट, आजाद नगर, चांद मोहल्ला, राजगढ़ कालोनी और राम नगर इलाके शामिल हैं।
शाहदरा विधानसभा क्षेत्र
इस क्षेत्र की आबादी करीब 214263 है। यहां के दिलशाद कालोनी वार्ड पर आप से हीनू महाजन भाजपा से इंदिरा झा और कांग्रेस से कुलवीर कौर प्रत्याशी हैं। दिलशाद गार्डन, गौरी शंकर मंदिर, गुरुद्वारा रोड और सीमापुरी इलाके इस वार्ड में आते हैं। विवेक विहार वार्ड से आप ने रितेश चतुर्वेदी भाजपा ने संजय गोयल और कांग्रेस ने प्रीति को उम्मीदवार बनाया है। इस वार्ड में विश्वकर्मा नगर, विवेक विहार, अराधक नगर, दिलशाद गार्डन ए-ब्लॉक और झिलमिल औद्योगिक इलाके आते हैं।
झिलमिल वार्ड पर आप ने निशा शर्मा को, भाजपा ने अलका अहूजा को और कांग्रेस ने गीतिका को चुनावी मैदान में उतारा है। वार्ड में मुकेश नगर, जनता कालोनी, ज्वाला नगर, झिलमिल कालोनी, कस्तूरबा नगर, महारथी कालोनी और कृष्णा बाजार इलाके शामिल हैं। शाहदरा वार्ड के लिए आप ने सुरेंद्र गुप्ता, भाजपा ने निर्मल जैन और कांग्रेस ने संदीप गोस्वामी को प्रत्याशी बनाया है। इस वार्ड में भोलानाथ नगर, बिहारी कालोनी, महावीर ब्लॉक, मोहल्ला गंगाराम और श्रीराम कालोनी के इलाके हैं।
जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र
इस क्षेत्र की आबादी करीब 26400 है। यहां के दरियागंज वार्ड से कांग्रेस ने यासमीन किदवई, आप ने साधना कुमारी और भाजपा ने मीता भांभरी को प्रत्याशी बनाया है। दरियागंज वार्ड पर 2012 में भाजपा प्रत्याशी के रूप में सिम्मी जैन ने जीत हासिल की थी। दूसरे नंबर कांग्रेस प्रत्याशी रहे थे, जबकि जेडीयू का प्रत्याशी इस वार्ड पर चौथे नंबर पर रहा था।
सिद्धार्थनगर वार्ड पर कांग्रेस की दर्शना जाटव, आप की तरफ से बबीता और भाजपा की विनीता जाटव चुनावी मैदान में हैं। यहां पर कांग्रेस और भाजपा, दोनों दलों में गुटबाजी के चलते निर्दलीय प्रत्याशियों की भी स्थिति मजबूत है। लाजपतनगर वार्ड पर कांग्रेस से सुभाष मल्होत्रा, आप से सचिन शाह और भाजपा से सुनील सहदेव उम्मीदवार हैं। 2012 में इस वार्ड पर कांग्रेस प्रत्याशी कविता मल्होत्रा को जीत मिली थी। दूसरे नंबर पर भाजपा रही थी।
ओखला विधानसभा क्षेत्र
इस क्षेत्र की आबादी करीब 319309 है। यहां के जाकिर नगर वार्ड पर भाजपा ने कुंवर रफी उज्मान, कांग्रेस ने शोएब दानिश और आप ने महमूद को चुनावी मैदान में उतारा है। 2012 में यहां से कुल 24 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था और कांग्रेस प्रत्याशी शोएब दानिश ने जीत दर्ज की थी। दूसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी रहे थे। इस मर्तबा भी कांग्रेस ने शोएब दानिश पर ही भरोसा जताया है। सरिता विहार वार्ड पर भाजपा की डॉ सुनीता सिंह, कांग्रेस की नीतू और आप कीजूही खान उम्मीदवार हैं। 2012 में यहां से कांग्रेस प्रत्याशी नीतू ने जीत हासिल की थी। दूसरे नंबर पर भाजपा प्रत्याशी निशा रही थीं।
अबुल फजल एन्क्लेव वार्ड पर भाजपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया है, जिसके बाद भाजपा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे गुलफाम को समर्थन देने का एलान किया है। यहां से कांग्रेस के परवेज आलम खान और आप के वाजिद खान प्रत्याशी हैं। मदरपुर खादर पूर्व वार्ड पर संतोष देवी भाजपा से, किरन कांग्रेस से और कविता गौतम आप से चुनाव लड़ रही हैं। शहरी और ग्रामीण की मिश्रित आबादी की वजह से कई निर्दलीय भी कड़े मुकाबले में हैं। मदनपुर पश्चिम वार्ड पर भाजपा ने कमलेश देवी, कांग्रेस ने सुदेश और आप ने ज्योति विधूड़ी को प्रत्याशी बनाया है। यहां पर बसपा के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों की काफी बड़ी संख्या होने से हार-जीत का अंतर कम रहने का अंदेशा है।