दिल्ली के एक होटल पर यमुना को 20 साल से गंदा करने का आरोप लगाया गया है। यह आरोप दिल्ली पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी (DPCC) ने लगाया है। DPCC ने दिल्ली हाई कोर्ट में दो जजों की बेंच के सामने कहा कि होटल 20 साल से लगातार यमुना में प्रदूषण बढ़ाने का काम कर रहा है। यह आरोप जिस होटल पर लगाए गए हैं वह Krishna Continental Limited कंपनी का है। मंगलवार (16 अगस्त को) हाई कोर्ट में इस मामले को लेकर Krishna Continental Limited और DPCC फिर से आमने-सामने थे। कोर्ट में DPCC ने कहा, ‘इन लोगों (होटल) ने कोई भी ट्रीटमेंट प्लांट नहीं लगा रखा है। ये लोग पिछले 20 सालो से यमुना को गंदा कर रहे हैं। यमुना इनके होटल से निकलने वाली गंदगी से गंदी हो रही है। यह काफी संवेदनशील मामला है।’
वहीं Krishna Continental Limited के बचाव में उनके वकील ने कहा कि DPCC ऐसी उगाही करने के लिए सही संस्था नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वह वक्त से सारे टैक्स भरते हैं ऐसे में इस तरीके से फाइन लेना ठीक नहीं है। कोर्ट ने दोनों पक्षों की बात सुनकर अपना फैसला सुरक्षित रखा है। कोर्ट की तरफ से जल्द ही कोई फैसला आएगा। इससे पहले भी Krishna Continental Limited ने पैसा वापस मांगने की अर्जी दी ती लेकिन उसे ठुकरा दिया गया था।
दरअसल, इससे पहले एक सिंगल जज की बेंच ने फैसला सुनाया था कि होटल यमुना को गंदा कर रहा है। इस फैसले के साथ ही Krishna Continental Limited को कहा गया था कि वह दंड के रूप में DPCC को 40 लाख रुपए दे। Krishna Continental Limited ने पैसे दे भी दिए थे। लेकिन अब Krishna Continental Limited मामले को लेकर हाई कोर्ट पहुंच गया। Krishna Continental Limited ने सिंगल बेंच जज के फैसले को चैलेंज करते हुए DPCC से 40 लाख रुपए वापस मांगे हैं।
