उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी थाने पर पुलिस के साथ हिंसक झड़प को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के दो विधायकों और कुछ समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बुराड़ी से विधायक संजीव झा और मॉडल टाउन से विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन उनके नाम प्राथमिकी में हैं।

झड़प में नौ पुलिसकर्मी और झा सहित आप के छह सदस्य घायल हुए हैं। झड़प उस वक्त आरंभ हुई जब झा के वाहन को थाने में नहीं जाने दिया गया। झा और उनके समर्थक प्रधान एनक्लेव कॉलोनी से एक बच्चे का कथित तौर पर अपहरण करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचे थे।

इसके कुछ देर बाद त्रिपाठी भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। आप के कार्यकर्ता ने पुलिस पर पथराव किया तो पुलिस ने लाठियां भांजीं। झड़प में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मधुर वर्मा ने कहा, ‘‘आप विधायक के वाहन की पहचान नहीं थी, इस पर कोई स्टिकर नहीं था। इसलिए उसे रोक दिया गया। इस मुद्दे को लेकर कुछ असामाजिक तत्व पथराव करने लगे। हमने प्राथमिकी दर्ज की है जिसमें दो विधायकों के नाम भी शामिल हैं।’’

दंगा करने, गैरकानूनी रूप से जमा होने, लोक सेवक के काम में बाधा डालने, इरादतन नुकसान पहुंचाने और धमकी देने संबंधी धाराओं के तहत बुराड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में झा एवं त्रिपाठी के अलावा छह अन्य उन लोगों के नाम भी हैं जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।

यह पूछे जाने पर विधायकों को क्यों गिरफ्तार नहीं किया गया तो दिल्ली पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी ने कहा, ‘‘हमने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच चल रही है।’’