दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और मनीष सिसोदिया के बाद अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लेकर पुलिस केजरीवाल को आरके पुरम थाने लेकर गई है। केजरीवाल पूर्व सैनिक राम किशन ग्रेवाल के परिवार से मिलने के लिए अस्पताल गए थे। केजरीवाल 4-5 घंटों से अस्पताल के अंदर जाने के लिए इंतजार कर रहे थे, लेकिन पुलिस उन्हें अंदर नहीं जाने दे रही थी। केजरीवाल से पहले मनीष सिसोदिया पूर्व सैनिक परिवार से मिलने अस्पताल आए, उन्हें भी पुलिस नहीं मिलने दिया गया। सिसोदिया को भी पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया था। वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी सैनिक परिवार से मिलने पहुंचे थे। लेकिन उन्हें भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी को दो घंटे हिरासत में रखने के बाद छोड़ दिया गया था। इसके बाद राहुल गांधी एक बार फिर सैनिक के परिवार से मिलने पहुंचे तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें दोबारा हिरासत में ले लिया। बता दें, पूर्व सैनिक ने ओआरओपी की मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार को दिल्ली में जहर खाकर सुसाइड कर लिया था। हालांकि, पुलिस ने बाद में राहुल गांधी और मनीष सिसोदिया को छोड़ दिया।
वीडियो में देखें -OROP को लेकर पूर्व सैनिक के सुसाइड पर चढ़ा सियासी पारा
बुधवार शाम को पूर्व सैनिक रामकिशन का वह ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें से सुसाइड से पहले अपने बेटे से बात कर रहे हैं। सुसाइड से पहले राम किशन ने फोन पर अपने बेटे से कहा था कि उनके साथ अन्याय हुआ है। ऑडियो न्यूज चैनल आज तक ने प्रसारित किया है। ऑडियो में ग्रेवाल अपने बेटे से कह रहे हैं, ‘मैंने जहर खा लिया है और इंडिया गेट पर बैठा हूं। मैंने तीन-चार सल्फास की गोलियां खाई हैं। हमारे साथ अनर्थ हुआ है। हमारे जवानों को न्याय नहीं मिला। हमारे जवानों के साथ जो अनर्थ और अन्याय हो रहा है, वह देखा नहीं गया। हम लोगों ने अपनी लड़ाई लड़ी। अब आगे ये जवान जानें कि क्या करेंगे और क्या नहीं। हम अपने उसूलों के आदमी हैं। मेरे जवानों, देश और मातृभूमि के लिए अपनी जान न्यौछावर कर दी है।’
पूर्व सैनिक रामकिशन ग्रेवाल हरियाणा के भिवानी जिले के बामला गांव के रहने वाले थे। राम किशन हरियाणा सरकार के पंचायत विभाग में भी कार्यरत थे।
