राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के डाबरी इलाके में म्यांमार की रिफ्यूजी महिला से यौन शोषण का मामला सामने आया। पुलिस ने इस मामले मे रविवार को दो नाबालिगों को पकड़ा और एक शख्स को गिरफ्तार किया है। मामला शुक्रवार रात का है। 23 साल की गर्भवती म्यांमार की महिला अपने पति के साथ घर लौट रही थी। इस दौरान तीन नाबालिगों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और उसे सिर पर पत्थर भी मारा। यह घटना डाबरी पुलिस स्टेशन से 200 मीटर दूर घटी।

दिल्ली के डिप्टी पुलिस कमिश्नर सुरेंदर कुमार ने बताया था कि महिला अपने पति के साथ टहल रही थी, उस दौरान स्कूटी पर सवार तीन लड़कों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। उनमें से एक आरोपी ने महिला को गलत तरीके से छुआ और आपत्तिजनक टिप्पणी की। जब दंपत्ति ने इसका विरोध किया तो दूसरे आरोपी ने महिला के सिर पर पत्थर मारा। जिसके बाद तीनों मौके से भागने लगे। लेकिन, पति ने उनमें से एक को पकड़ लिया है। महिला को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के पति ने बताया कि उसके सिर में चार टांके लगे हैं।

महिला ने बताया कि साल 2009 में अच्छी जिंदगी की तालाश में वह अपनी दो बहनों और मां के साथ भारत आई थी और वह पास की एक फैक्ट्री में काम करती है। महिला ने बताया कि हादसे के बाद से वह बहुत दर्द में हैं। महिला की बहन ने बताया कि लगातार उत्पीड़न का शिकार होती रहती है। क्लास 10th में पढ़ने वाली उसकी बहन को इलाके में रहने वाले लड़के रोड पर चलते समय अभद्र टिप्पणियां करते हैं।