मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे के पास एक बड़ा हादसा हुआ है। जिसमें 1 महिला की मौत हो गई है और दो लोग जख्मी हो गए हैं। शनिवार सुबह एक क्रेन अंधेरी गुंदावली बस स्टॉप के पास अनियंत्रित होकर मेट्रो के खंभे से टकरा गई। इस घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए निकट के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
क्रेन के मेट्रो रेल खंभे से टकराने के बाद उसका कुछ हिस्सा टूटकर गिर गया और उसकी चपेट में एक महिला आ गई। महिला के अलावा दो अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक महिला को किसी तरह बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए निकट के अस्पताल में भर्ती कराया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे के गुंडावली बसस्टॉप के निकट तड़के हुई।” उन्होंने बताया, ‘‘बांद्रा से जोगेश्वरी की ओर जा रहे क्रेन से के चालक का नियंत्रण खो गया और यह मेट्रो रेल के खंभे से जा टकराया।’’
उन्होंने बताया, “बस स्टॉप पर बस का इंतजार कर रही एक महिला के ऊपर क्रेन का टूटा हिस्सा गिर गया। उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं इस घटना में दो अन्य घायल भी हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।” अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद क्रेन का चालक वहां से फरार हो गया है।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धौन-स्वांला के बीच क्रेन की चपेट में आने से एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। बताया गया कि ये घटना क्रेन का ब्रेक फेल होने के कारण हुई थी। गनीमत ये रही कि सड़क के किनारे मिट्टी होने से कार खाई में जाने से बच गई। कार में एक ही परिवार के कुल पांच सदस्य सवार थे।
(भाषा इनपुट के साथ)