मुंबई में बुधवार को एक हथियारबंद राहगीर ने कार सवार महिला को अगवा कर लिया। महिला ने राहगीर को टक्कर मार दी थी, इसके बाद राहगीर ने उसे अगवा कर लिया। घटना विरार में एक मॉल के बाहर हुई। गुरुवार रात तक पुलिस महिला का पता नहीं लगा सकी। महिला की दोस्त ने बताया कि, वे दोनों घर लौट रही थी। इसी दौरान गोकुल सिटी के पास कार से एक आदमी को टक्कर लग गई। जैसे ही उन्होंने कार रोकी राहगीर खिड़की पर मारने लगा। खिड़की खोलने पर वह गाड़ी में घुस गया। उसने बंदूक दिखाकर उसके कहे अनुसार गाड़ी चलाने को कहा।
महिला के अनुसार, 90 मिनट बाद गाड़ी एक पोल से टकरा गई और टायर पंक्चर हो गया। इसके बाद व्यक्ति ने महिला को दूसरे ऑटो रिक्शा में धक्का दिया और फरार हो गया। साथी महिला ने नजदीक की पुलिस चौकी में घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने नाकाबंदी कर जांच शुरु की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि वे मामले की कई एंगल से जांच कर रहे हैं। यह मामला सड़क दुर्घटना के चलते ही हुआ या फिर कोई और कारण भी था। इन सबकी जांच की जा रही है। आरोपी ने महिला की दोस्त को तो छोड़ दिया लेकिन पीडि़ता को ले गया। इससे कर्इ सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने पीडि़ता के पति का बयान भी दर्ज कर लिया है। दंपत्ती की 21 साल की बेटी है। पुलिस ने ऑटो रिक्शा वालों से भी पूछताछ की है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। हालांकि पुलिस के हाथ अभी भी खाली ही है।