असम में महिलाओं ने एक 22 वर्षीय युवती और 16 साल की लड़की के साथ रेप करने के आरोप में एक नीम-हकीम को पीट-पीट कर मार डाला। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 22 साल की महिला और उसकी 16 साल की रिश्तेदार की तरफ से रेप के आरोप के बाद महिलाओं की भीड़ ने इस वारदात को अंजाम दिया। वेस्ट कार्बी आंगलांग जिले के एसपी ने कहा कि आरोपी पड़ोस के हजोई जिले का रहने वाला था।
नीम-हकीम इन दोनों के घर एक दृष्टिहीन महिला का ‘इलाज’ करने गया था। 3 जुलाई को आरोपी ने कथित रूप से दुबारा उनके घर गया और पूजा पूरी करने की बात कही। पूजा के बाद उसने अलग से पूजा के नाम पर 22 साल की महिला को अलग कमरे में ले गया। इसके बाद उसने कमरे में महिला के साथ रेप किया। परिवार का आरोप है कि उसने कमरे में महिला का रेप किया और उसे धमकी दी कि यदि उसने इसके बारे में किसी को बताया तो उसके परिवार को मार देगा।
अगले दिन महिला ने अपनी आंटी को इस पूरी घटना के बारे में बताया। लेकिन इसी बीच आरोपी फिर वहां आ गया। उसने कहा कि वह 16 साल की बच्ची के साथ पूजा करेगा। परिवार का दावा है कि जब कमरे में 16 साल की लड़की के साथ अकेला था तो 22 साल की महिला ने अपनी आंटी को बुला लिया।
एसपी ने बताया, ‘पुलिस को जैसे ही पता लगा कि महिलाओं की भीड़ आरोपी को पीट रही है, उसे वहां से छुड़ाया गया।’ उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एसपी ने बताया कि दो केस दर्ज किए गए हैं। एक आरोपी की हत्या और दूसरा कथित रूप से रेप का।
भीड़ हिंसा के मामले में तीन गिरफ्तारः इस बीच पुलिस ने ढलाई जिले में पशु चोरी के संदेह में एक 36 साल के व्यक्ति की पिटाई के मामले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि बुधी कुमार त्रिपुरा नोरामपारा गांव में गाय बेचने के लिए गया था। इस दौरान ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने इस मामले में अलमॉय चकमा, नीरेन चकमा और अमर सिंह चकमा को गिरफ्तार किया है।

