तीन साल पहले सोने की शर्ट बनवाकर सुर्खियों में आए पुणे दत्‍तात्रेय फुगे की शुक्रवार सुबह हत्‍या कर दी गई। दत्‍ता पर पत्‍थरों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में दत्‍ता का भतीजा भी शामिल है। हत्‍या के पीछे पैसों के लेनदेन को कारण माना जा रहा है।

दत्‍ता की पत्‍नी सीमा ने बताया कि कुछ लोग गुरुवार रात को भोसारी स्थित उनके घर पर आए थे। उन्‍होंने उनके पति को साथ चलने को कहा। दिघी में भारतमाता नगर ले जाने के बाद उन पर पत्‍थरों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। सूत्रों का कहना है कि दत्‍ता पर कई केस चल रहे थे। उन्‍होंने चिटफंड कंपनी भी खोली थी। इस कंपनी में पैसा लगाने वालों ने आरोप लगाया था कि पैसों में गड़बड़ी की गई।

दत्‍ता की पत्‍नी एनसीपी से पार्षद थीं। हालांकि बाद में फर्जी जाति प्रमाण जमा करने के मामले में उन्‍हें डिसमिस कर दिया गया था। दत्‍ता खुद भी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में थे। उन्‍होंने तीन साल पहले 22 कैरेट सोने से साढ़े तीन किलो की सोने की शर्ट बनवाई थी। इसके चलते उन्‍हें काफी सुर्खियां मिली थीं।