शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ के बाद अब पार्टी के विधायक नारायण पाटिल विवादों में घिर गये हैं। महाराष्ट्र के एक किसान का आरोप है कि पाटिल ने उसे धमकी दी थी। किसान रोहिदास काम्बले ने बताया शिवसेना विधायक ने धमकी दी कि वह मुझे उल्टा लटकाकर पीटेंगे। रोहिदास काम्बले ने पाटिल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है। पाटिल सोलापुर जिला में करमाला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। किसान के आरोपों पर पाटिल ने कहा मेरी कभी उन्हें धमकी देने की मंशा नहीं थी। मैंने उन्हें जो भी कहा वह अच्छी मंशा से कहा था।गायकवाड़ के बाद अब पाटिल पर आरोप लगने के बाद शिवसेना प्रमुख् उद्धव ठाकरे इस मामले में क्या कहते हैं यह देखना बहुत महत्वपूर्ण होगा।
आपको बता दें कि शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ का विवादों से पुराना नाता रहा है। पिछले महीने एअर इंडिया में सीट के विवाद को लेकर कर्मचारी से मारपीट करने वाले गायकवाड़ विवादों में आ गए थे। इसके बाद सांसद पर किसी तरह की कार्रवाई न होता देख सभी घरेलू एयरलाइंस ने गायकवाड़ को ब्लैकलिस्ट में डाल दिया है। इससे पहले 2014 में एक मुस्लिम वेटर के मुंह में रमजान के दौरान जबरदस्ती रोटी ठूंसने पर रवींद्र गायकवाड़ विवादों से घिर गए थे।
राजनीति से पहले एक शिक्षक होने के बावजूद उन पर कई मामले दर्ज हैं। पेशे से शिक्षक रहे रवींद्र गायकवाड़ दो बार विधायक बनने के बाद 2014 में शिवसेना से लोकसभा सांसद चुने गए। गायकवाड़ अपने लोकसभा क्षेत्र उस्मानाबाद में रवि सर के नाम से मशहूर हैं। एम कॉम और बीएड की डिग्री ले चुके रवींद्र गायकवाड़ पिछले दो सालों से संसद भवन की सुरक्षा समीति के सदस्य भी हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि इतना शिक्षित होने और सुरक्षा समीति के सदस्य जैसे अहम पदों पर रहने वाले व्यक्ति से क्या ऐसे आचरण की उम्मीद की जा सकती है। लेकिन सबकी उम्मीदों को धता बताते हुए गायकवाड़ ऐसे काम करते आए हैं जो उनकी शिक्षा औप पद की गरिमा के विपरीत हैं।