महाराष्ट्र के गवर्नर सी. विद्यासागर राव को एक 150-मीटर लंबा अंडरग्राउंड ब्रिटश काल का बंकर मिला है। यह बंकर महाराष्ट्र के मालाबार हिल स्थित राज भवन कॉम्पलैक्स के नीचे बना है। मुंबई के मालाबार हिल्स की इसी बिल्डिंग में महाराष्ट्र के राज्यपाल रहते हैं। राज भवन के अधिकारियों ने बताया कि यह बंकर कई दशकों से बंद पड़ा था। अपनी पत्नी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र देवेंद्र फडणवीस के साथ मंगलवार को बंकर का भ्रमण करने आए राज्यपाल ने इसे संरक्षित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से मशविरा करने का अपना इरादा व्यक्त किया। यह बंकर 5000 वर्ग मीटर से भी ज्यादा क्षेत्र में फैला है, जिसमें कमरों पर शेल स्टोर, गन स्टोर, कारतूस स्टोर, वर्कशॉप जैसे नाम लिखे हैं।

महाराष्ट्र के गवर्नर सी. विद्यासागर राव, महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र देवेंद्र फडणवीस के साथ बंकर का भ्रमण करते हुए। (Source: Twitter/Devendra Fadnavis)

राज्यपाल ने बंकर को तब खोलने का निर्देश दिया था, जब तीन महीने पहले पुराने लोगों ने उन्हें राजभवन के भीतर एक सुरंग मौजूद होने के बारे में बताया था। एक अधिकारी ने बयान में कहा कि 12 अगस्त को राजभवन में लोकनिर्माण विभाग के कर्मचारियों ने बंकर के प्रवेश को बंद करने वाली एक अस्थायी दीवार खोल दी। इसके बाद एक भूमिगत सुरंग की बजाय विभिन्न आकार के 13 कमरों वाले बंकर का पता चला।

बंकर की बनावट देखकर पता चलता है कि बंकर गोला बारूद रखने के लिए बनाया गया था। बंकर में कई जगहों पर लोहे की ग्रिल लगी है। इसकी ऊंचाई इतनी भी नहीं है कि 6 फुट का इंसान इसमें ठीक से खड़ा भी हो सके। हालांकि कुछ जगह इसकी ऊंचाई 12 फुट तक भी है।