महाराष्ट्र के एक डॉक्टर के फार्महाउस से चार लोगों की लाश मिलने से हडकंप मच गया है। फार्महाउस से लाश मिलने के बाद संतोष पॉल नाम के उस डॉक्टर ने 6 लोगों को मारने की बात कबूली है। 41 साल का यह डॉक्टर महाबलेश्वर-पंचगनी इलाके में रहता था। यह जगह बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग के लिए मशहूर है। पॉल ने पांच महिलाओं और एक पुरुष को मारने की बात कबूली है जिनमें से चार लोगों का शव बरामद किया जा चुका है। संतोष ने बताया कि वह जानलेवा इंजेक्शन देकर लोगों की जान लिया करता था।
पुलिस की पकड़ में कैसे आया: दरअसल, पुलिस एक महिला के गुम हो जाने के बाद उसकी तलाश में लगी हुई थी। वह महिला आंगनबाड़ी में काम किया करती थी। जांच के तार पुलिस को डॉक्टर और उसकी नर्स तक ले गए। फिर नर्स ने बताया कि उसने और डॉक्टर ने ही मिलकर उस महिला को मारा था। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद संतोष ने सारे राज खोल दिए। जिस महिला की पुलिस तलाश कर रही थी उसका नाम मंगल जेदेह था। 49 साल की मंगल महाराष्ट्र पूर्व प्राथमिक शिक्षा संघ (MPPSSS) की अध्यक्ष थी।
मिली जानकारी के मुताबिक, मंगल के पास संतोष के गैरकानूनी कामों का चिट्ठा था जिसे वह सबके सामने खोलने की धमकी दिया करती थी। इसपर संतोष ने अपनी नर्स मंदरी के साथ मिलकर उसे किडनेप किया और फिर जलाकर मार दिया। टीओआई की खबर के मुताबिक, संतोष का नर्स मंदरी और मंगल दोनों से अफेयर चल रहा था। मंगल मंदरी को पसंद नहीं करती थी इसलिए संतोष को धमकी दिया करती थी। पुलिस की हिरासत में संतोष ने भी कबूल किया कि उसने सारे लोगों को वासना और पैसे के लिए मारा था।

