महाराष्ट्र में पांच लोगों को गौ हत्या के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ इलाके में पांच लोगों को तीन गायों को काटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अंबरनाथ पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर बालकृष्ण वाघा ने बताया कि मुख्य आरोपी और उसके चार साथी अपने घर के आसपास के क्षेत्र में तीन गाय को काटने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 429 (mischief by killing or maiming cattle) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 38(4) के तहत केस दर्ज किया है। बता दें कि महाराष्ट्र में गौ हत्या पर प्रतिबंध है। साथ ही गौ मांस बेचने वाले और रखने वाले को 5 साल तक की जेल और दस हजार तक का जुर्माना भी हो सकता है।
गौतलब है कि गौ हत्या को लेकर पूरे देश में लगातार विवाद जारी है। गुजरात में ऊना कांड में कथित तौर पर गौ रक्षकों द्वारा दलितों की पिटाई को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा जा रहा है। वहीं दलितों ने सरकार के खिलाफ गुजरात में मोर्चा खोल रखा है। दलित सुमदाय के लोग सरकार के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश में मुस्लिम महिलाओं से गो मांस के शक में मारपीट की भी घटना सामने आई थी। पीएम मोदी ने फर्जी गौ रक्षकों पर निशाना भी साधा था।
