महाराष्ट्र के एक इलाके में मछुआरे के जाल में एक ऐसी मछली फंस गई जिसे देखकर सभी हैरान हैं। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के कोकंण इलाके में सोमवार (27 मार्च) को एक मछआरे मुनीर मुजावार के जाल में एक सॉफिश फंस गई जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा होने लगी। मुनीर ने बताया कि मछली का वजन लगभग 700 किलो से ज्यादा का है और इसकी लंबाई 20 फीट की है। वहीं दुर्लभ प्रजाति की इस मछली के मिलने की खबर की पुष्टि जिला कलेक्टर उदय चौधरी ने भी की है। दरअसल विशालकाय मछली एक सॉफिश है जिसकी लंबी नाक पर नुकीले दांत है। मछली की नाक किसी लकड़ी काटने वाली आरी की तरह नजर आती है और इसीलिए इसे सॉफिश का नाम दिया गया है।
वहीं मुनीर ने यह भी बताया कि ऐसी मछलियां मिलना अब काफी मुश्किल है। मुनीर के मुताबिक जब उन्हें यह मछली मिली तो वह पहले से ही घायल हो चुकी थी। मछली ने नेट से निकलने की कोशिश की होगी जिसकी वजह से वह घायल हुई होगी। वहीं इलाके के लोगों और मुनीर के मुताबिक सिंधुदुर्ग इलाके में पहले भी कुछ जगहों पर दुर्लभ प्रजाति की मछलियां देखने को मिली हैं जो मछुआरों के जाल में फंस जाती हैं। सिंधुदुर्ग राज्य के दक्षिणी तटीय इलाके में स्थित है और यहीं का विजयदुर्ग इलाका “डॉलफिन” मछलियां देखने की साइट के लिए मशहूर है।

