महाराष्‍ट्र के ठाणे में व्‍यक्ति ने नए जूते दिलाने का लालच देकर छह साल की बच्‍ची को दोस्‍त के साथ मिलकर नदी में फेंक दिया। हालांकि लड़की एक पौधे से लटक गई थी, इसलिए उसकी जान बच गई। घटना बुधवार रात को बदलापुर के पास वालीवली पुल की है। लड़की 11 घंटे तक नदी के पास लटकी रही। लड़की को गुरुवार सुबह एक निजी कंपनी के चौकीदार ने निकाला। लड़की की पहचान एकता तुलसीराम सियानी के रूप में हुई। वह ठाणे के वर्तक नगर की रहने वाली है।

उसे बचाने वाले रमेश भोयर ने बताया कि लड़की से जब पानी में गिरने के बारे में पूछा गया तो उसने कहा कि पिता ने अपने दोस्‍त के साथ मिलकर उसे फेंक दिया। पुलिस के अनुसार लड़की ने बताया कि उसे रात को आठ बजे फेंका गया। उसे पिता ने नए जूते दिलाने की बात कही और उल्‍हास नदी में फेंक दिया।

लड़की की मां बुधवार रात को पुलिस के पास गई थी और उसने गुमशुदा होने की रिपोर्ट लिखाई थी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है। उसके पिता की तलाश की जा रही है।