मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने फ्रीज में छुपे हुए बदमाश को पकड़ा। पकड़ा गया युवक अपने घर के फ्रिज में छुपकर कई बार पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गया था। पुलिस उसके घर जब भी जाती तब ही वह छुप जाता और पुलिस पूरे घर में तलाशी करके वापस आ जाती। पुलिस ने बताया कि एमआईजी थाना क्षेत्र में विकास (20) उर्फ दाऊ बलाई छोटी खजरानी में रहता है। इस युवक के खिलाफ मारपीट, अवैध शराब के 4-5 केस दर्ज हैं। मारपीट के मामले में उसके खिलाफ कोर्ट में पेश नहीं होने पर वारंट जारी हुआ था। वारंट में भी वो पकड़ में नहीं आया तो आखिरकार गिरफ्तारी वारंट जारी हो गया। पुलिस जब भी उसके घर जाती तो वो नहीं मिलता।
सोमवार (9 जनवरी) को भी पुलिस पहले की तरह उसकी तलाश में घर पर पहुंची तो पूरी तलाशी लेने के बाद भी युवक नहीं मिला। तभी एक पुलिसकर्मी की नजर कमरे में रखे फ्रिज पर पड़ी। जैसे ही वह उसे खोलने के लिए आगे बढ़े घरवाले उलझने लगे। इस पर पुलिस का शक बढ़ गया और फ्रिज खोला गया। फ्रिज खोलते ही सभी हैरान रह गए, जिसे वह ढूंढ रहे थे वह उस फ्रिज के अंदर बैठा हुआ था और पुलिस के वापस जाने का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने बताया कि घरवाले इस फ्रिज का स्विच बंद रखते थे, ताकि जो अंदर है उसे दिक्कत ना हो। साथ ही वह आराम से ज्यादा देर तक भी उसमें रह सके।
पुलिस ने जब आरोपित से सख्ती से पूछताछ की तो उसने यह बात भी कबूल की कि मैं पहले कई बार इसी तरह फ्रिज में छिपा हूं। इसके अलावा कई बार घर में रखी पेटी में छिपा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की है।
