मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक 25 वर्षीय नवविवाहिता ने सास द्वारा ताना दिए जाने के बाद आग लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। छतरपुर जिले के चंदवारा गाँव में रहने वाली रमादेवी अपने पति बलदेव और सास के साथ रहती थी। मृतक महिला के परिवार वालों के अनुसार उसकी सास बच्चा न होने की वजह से उसे प्रताड़ित करती थी। रमादेवी के परिजनों के अनुसार वो चार दिन से भूखी थी और उसे कुछ खाने को नहीं दिया जा रहा था।
घटना की रात भी उसकी सास ने उसे ताना मारते हुए कहा था कि अगर तू असल बाप की है तो आग ले और मर जा। जिसेक बाद तड़के चार बजे रमादेवी ने कथित तौर पर आग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। उसे गंभीर हालात में जिला अस्पताल लाया जा रहा था लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
रमादेवी की मां के अनुसार उसने सास के उत्पीड़न से परेशान होकर ही गुस्से में आग लगाई होगी। वहीं रमादेवी का पति बलदेव पाल का कहना है कि वो घटना के वक्त खेत पर गया हुआ था उसे पता नहीं कब और कैसे यह सब हो गया। बलदेव ने माना कि देर शाम उसके घर में उसकी पत्नी और मां के बीच लड़ाई हुई थी। बलदेव के अनुसार झगड़े के बाद उसने रमादेवी के मायके वालों को फोन करके कहा कि वो उसे कुछ दिनों के लिए ले जाएं।
महिलाओं के संग अपराध के मामले में मध्य प्रदेश की स्थित काफी चिंताजनक है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार साल 2015 में सबसे ज्यादा बलात्कार मध्य प्रदेश में हुए थे। साल 2015 में मध्य प्रदेश में 5076 बलात्कार हुए थे। इसके अलावा महिलाओं के अपहरण और आत्महत्या के मामले में भी प्रदेश की स्थिति खराब है। साल 2015 में राज्य में 4547 महिलाओं का अपहरण हुआ था।
(रिपोर्ट- कीर्ति राजेश चौरसिया)
