मध्यप्रदेश में पुलिस ने दो लोगों को धर्म परिवर्तन करवाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में से एक पादरी है। दरअसल, शुरुआत में मामला कुछ और ही था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक पादरी को बजरंग दल के लोगों ने अगवा कर लिया है। इसके बाद गुरुवार (21 जुलाई) को पुलिस इन लोगों को बजरंग दल के लोगों से पास से छुड़वाने गई। इन लोगों को गदरा गांव में बंदी बनाकर रखा हुआ था। दोनों की खूब पिटाई भी की गई थी। पुलिस ने बताया कि उन्हें जब ये लोग मिले तो दोनों की आंखों पर पट्टी थी और उन्हें पेड़ से बांधा हुआ था। पुलिस ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उन्हें 4 बजे छुड़वाया गया था। फिलहाल पुलिस ने बजंरग दल के 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला गुरुवार को ही दर्ज कर लिया गया था लेकिन अबतक किसी को पकड़ा नहीं जा सका है।

पुलिस ने पादरी और उसके दोस्त को एक शख्स की गवाही के बाद पकड़ा जिसने आरोप लगाया था कि पादरी और उसका दोस्त धर्म परिवर्तन करवाने वाले गिरोह में शामिल हैं। पुलिस ने जानकारी दी कि दोनों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया था जिनके कहने पर दोनों को न्यायिक हिरासत में लिया गया। वहीं पादरी का कहना है कि वह अपने घर पर धार्मिक कार्यक्रम कर रहा था वहीं पर अरविंद तिवारी नाम का शख्स 25 लोगों के साथ उसके घर में घुस आया और मारपीट करने लगा।