शेर और तेंदुए की दुश्मनी तो जग जाहिर है। लेकिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें एक तेंदुए के शावक पर एक शेरनी हमला नहीं बल्कि प्यार कर रही है। जानकारी के मुताबिक ये शेरनी करीब एक हफ्ते से इस शावक को पाल रही है। गिर में वन विभाग वेस्ट के डॉक्टर धीरत मित्तल ने बताया कि ये अपने आप में ही एक अनोखा मामला है। ऐसे में एक बार फिर जाहिर हो गया है कि मां की ममता के आगे सारे बैर छोटे साबित होते हैं।
कहां का है मामला: दरअसल सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है वो गुजरात के गिर जंगलो का है। जहां ये अद्भुत नजारा देखने को मिला।गिर में वन विभाग वेस्ट के डॉक्टर धीरत मित्तल ने बताया कि करीब डेढ़ महीने के इस शावक का पूरा ख्याल रख रही है। ये शेरनी करीब एक हफ्ते से इस शावक को पाल रही है। जानकारी के मुताबिक तेंदुए का ये शावक किसी वजह से अपने परिवार से अलग हो गया था। वहीं डॉक्टर ने बताया कि शेरनी के दो शावक दिनभर तेंदुए के शावक के साथ रहते हैं। तेंदुए का शावक शेरनी के शावक के साथ खेलता भी है। वहीं शेरनी भी तेंदुए शावक को बेहद प्यार करती नजर आती है।
निगरानी में हैं सभी: डॉक्टर ने बताया कि शेरनी के साथ साथ तेंदुए के शावक पर निगरानी रखी जा रही है। वहीं जो फोटोज और वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं वो हाल ही के मंगलवार और बुधवार को क्लिक किए गए हैं। इसके साथ ही डॉक्टर ने ये भी कहा कि आमतौर पर शेर और तेंदुआ एक दूसरे के दुश्मन माने जाते हैं। लेकिन यहां शेरनी एक तेंदुए के शावक को पाल रही है।
चर्चा में है गिर: गौरतलब है कि पूरे देश में एशियाटिक शेरों के लिए फेमस गिर जंगल इन दिनों शेरों की मौत के चलते भी सुर्खियों में है। पिछले कुछ महीनों में यहां पर हुई शेरों की मौत ने सभी का ध्यान खींचा है। बता दें कि 10 दिन पहले ही गिर जंगल के नजदीक अमरेली के पास तीन शेरों की ट्रक के नीचे आने से मौत हो गई थी।