जनता दल सेक्युलर से जुड़े एक ग्राम पंचायत अध्यक्ष को शुक्रवार को अरेस्ट कर लिया गया। उन पर एक महिला के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। घटना कर्नाटक के मंडया जिले की है।
ग्राम पंचायत अध्यक्ष का नाम चंद्रहसा है। वे एक 32 साल की महिला अटेंडेंट का रेप करने की कोशिश करते कैमरे में कैद हुए हैं। पीडि़त महिला पंचायत में ग्रुप डी की कर्मचारी है। वो यहां छह साल से काम कर रही थी। खबर के मुताबिक, घटना शाम छह बजे के आसपास हुई। अगली सुबह जब वह काम पर वापस लौटी, उसने अपने सहयोगी कर्मचारियों को बताया। कर्मचारियों ने चंद्रहसा का विरोध किया।
हालांकि, नेता का दावा था कि उन्होंने सिर्फ फर्श साफ करने के लिए कहा था। हालांकि, जब दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की गई तो कर्मचारियों ने पाया कि नेता महिला को खींचने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, महिला खुद को छुड़ाने की कोशिश कर रही थी। फुटेज देखने के बाद, पंचायत के कर्मचारियों ने नेता को पीटा और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने चंद्रहसा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।