जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बल के जवानों को एक बड़ी कामयाबी मिली। उन्होंने वहां अबु मुसैब नाम के आतंकी को मार गिराया। वह लश्कर ए तैयबा और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड जकी-उर-रहमान लखवी का भतीजा था। मुसैब को गुरुवार (19 जनवरी) को कश्मीर के बांदीपुर जिले में मारा गया। इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए आईजीपी (कश्मीर) जावेद गिलानी ने कहा, ‘हां, वह लखवी का भतीजा है। वह उसके भाई का लड़का है। वह घाटी में 2015 के अगस्त से एक्टिव था।’13 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिग ऑफिसर विक्रमजीत सिंह ने कहा कि उन्हें खुफिया जानकारी मिली थी। जिसकी मदद से जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया था। उसमें एक आतंकी मारा गया। बाद में उसकी पहचान अबु मुसैब के तौर पर हुई। वह लश्कर के शीर्ष कमांडर्स में से एक था।

पुलिस के कुछ सूत्रों ने बताया कि मुसैब और उसके कुछ साथी अगस्त 2015 में बांदीपुर में घुसे थे। वे लोग गुरेज सेक्टर से होते हुए वहां दाखिल हुए थे। पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि मुसैब लश्कर का डिवीजनल कमांडर था। वह श्रीनगर के नौहाथा सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। उसमें एक कमांडेंट मारा गया था।

इससे पहले कश्मीर में हिजबुल मुजाहिद्दीन का आतंकी बुरहान वानी मारा गया था। उसके मारे जाने पर कश्मीर में काफी हंगामा हुआ था। कश्मीर में काफी जगह हिंसा भी हुई थी जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। कश्मीर में लगभग 100 दिनों तक कर्फ्यू भी लगा रहा था। उसके बाद कश्मीर में आतंकी घटनाएं अचानक बढ़ गई थीं। सबसे पहले और बड़ा हमला उरी के सेना कैंप में हुआ था। जिसमें 20 जवान शहीद हो गए थे।