महिलाओं संग छेड़छाड़-बलात्कार की घटनाएं रोकने में अब अंडरवियर काम आएगी। भारतीय मूल की एक लड़की ने एक खास अंडरवियर बनाई है, जिसे रेप प्रूफ बताया जा रहा है। यह अंडरवियर अपने आप में किसी शस्त्र से कम नहीं होगी। कारण हैं इसमें ढेर सारे फीचर्स। अंडरवियर में ब्लेड प्रूफ कपड़ा, स्मार्ट लॉक( सिर्फ पासवर्ड से खुलता है), जीपीएस सिस्टम, कॉलिंग सिस्टम और वीडियो रिकॉर्डर है। दावा है कि यह इस तरह का सबसे पहला मॉडल है। यह खास किस्म की अंडरवियर सीनू कुमारी (19) नाम की लड़की ने तैयार की है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद की रहने वाली हैं। सीनू ने इस पैंटी को बनाने के लिए ब्लेड प्रूफ कपड़े का इस्तेमाल किया है। अंदर वॉटर प्रूफ कपड़ा लगाया है, ताकि वह गीला होने पर खराब न हो। सीनू के इस आविष्कार पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने उनकी तारीफ की है। फिलहाल वह इस अंडरवियर का पेटेंट कराने की कोशिशों में जुटी हैं। सुनिए खुद सीनू से कि उनके इस खास आविष्कार में क्या-क्या चीजें हैं-
बीबीसी हिंदी की रिपोर्ट के असुनार, अंडरवियर आसानी से न तो कटेगी-फटेगी और न ही जलेगी। अंदर लगा लॉक सेट किए गए पासवर्ड डालने पर ही खुलेगा। एक बटन के जरिए सीधे पुलिस (डायल 100) से संपर्क साधा जा सकेगा और पुलिस लोकेशन भी ट्रैक कर लेगी। सीनू के मुताबिक अंडरवियर तैयार करने में लगभग 4300 रुपए का खर्च आया। घर वालों ने भी इसे बनाने में उनकी पूरी मदद की। अब वह इसे जल्द ही इसे बाजार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं। अंडरवियर बनाने के लिए उन्होंने खुद चीजों के बारे में पढ़ा और समझा था। फिलहाल सीनू ने इस अंडरवियर में कम दाम का सामान लगाया है।
उनका कहना है कि अगर इस अंडरवियर में अच्छी गुणवत्ता का सामान लगाया जाएगा, तो यह और भी बेहतर काम करेगी। हालांकि, तब इसके महंगे होने की संभावना भी बढ़ जाएगी। ऐसे में वह किसी कंपनी या सरकार की ओर से इसे बेहतर बनाने के लिए मदद की उम्मीद में हैं। महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ और बलात्कार की घटनाओं को लेकर वह कहती हैं कि “हर रोज न्यूज में महिलाओं से छेड़छाड़ और बलात्कार के समाचार मुझे झकझोर कर रख देते हैं। ऐसे में घर से बाहर निकलने में भी डर सा लगा रहता है।”
वेबसाइट की मानें तो स्थानीय सांसद मुकेश राजपूत ने केंद्रीय मंत्रालय को इस बाबत एक पत्र भी लिखा है। उनके मुताबिक, मेनका गांधी ने सीनू की इस कोशिश के लिए तारीफ की है। अंडरवियर के पेंटेंट के लिए उसने अपना आवेदन इलाहाबाद स्थित नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (एनआईएफ) को भेजा है।
