उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक दुल्हन ने दूल्हे को शराब के नशे में ठुकरा दिया था। अब एक ऐसी ही खबर बलिया जिले से आई है। जहाँ दुल्हन ने दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया। दरअसल जब दुल्हन मंडप में पहुंची तो उसने देखा कि दूल्हा गुटखा खा रहा है। इस बात से नाराज़ होकर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया।जिसके बाद बारात वापस लौट गई।
जानकारी के मुताबिक बलिया के मिश्रौली गांव की रहने वाली दुल्हन की शादी उसी जिले के खजूरी गांव के रहने वाले एक युवक के साथ 5 जून को होनी थी। जब दूल्हा बारात लेकर पहुँचा तो दुल्हन ने देखा कि वह गुटखा चबा रहा है। जिसके बाद उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दोनों परिवारों की तरफ से घंटों मनाने के बाद भी दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई। जिसके बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से इस शादी को कैंसल कर दिया। इसके साथ ही परिवारों ने एक-दूसरे से पहले से मिले उपहारों को वापस करने का फैसला लिया।
इस मामले में बलिया के मनियर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मिश्रौली गांव निवासी प्रियंका की शादी खेजूरी गांव निवासी संदीप राजभर से तय हुई थी। 5 जून को शादी होनी थी। इस दिन दूल्हा समेत सभी बाराती सज धज कर मिश्रौली गांव पहुंचे।
लड़की के घर वालों ने बारातियों के स्वागत की तैयारी कर रखी थी। दुल्हन ने दूल्हे के शराब पीने व गुटखा खाने के कारण शादी से इनकार कर दिया है। जिससे बारात को बगैर शादी के ही वापस लौटना पड़ा।
उत्तर प्रदेश में एक सप्ताह के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। पिछले हफ्ते प्रतापगढ़ जिले में एक दुल्हन ने दूल्हे के नशे में होने पर शादी करने से मना कर दिया था। दरअसल जयमाला से ठीक पहले दूल्हा नाच रहा था और उसने नशे की हालत में दुल्हन पर नाचने का दबाव बनाया तो उसने मना कर दिया था। जिसके बाद दूल्हे ने तमाशा शुरू कर दिया। दूल्हे की इस हरकत को देखकर लड़की के घरवालों ने बारातियों को बंधक बना लिया था।